युवक का नदी में मिला शव
महवा निवासी मृतक दौसा में लगाता था ठेला
सिकंदरा| पुलिसने सोमवार सुबह बाण गंगा नदी में एक युवक का संदिग्धावस्था में शव बरामद किया है। जिसका दौसा में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। इसे लेकर परिजनों ने थाने में मामला दर्ज कराया है। थाना प्रभारी शिवनारायण यादव ने बताया कि सुबह दीर्घशंका जाने वाले लोगों ने नदी में शव पड़ा होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के पास मिले मोबाइल नंबर के आधार पर मृतक की पहचान बृज किशन साहू निवासी महवा के रूप में की। परिजनों को सूचना के बाद शव का दौसा में बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी यादव ने बताया कि मृतक दौसा में कोतवाली के सामने ठेला लगाता था। रविवार को घर से ठेला लगाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। सुबह उसका शव यहां बाणगंगा नदी में मिला है। उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतक के भाई राधेश्याम साहू निवासी महवा ने थाने में मामला दर्ज कराया है।