महवा| उपखंड के समीप नेशनल हाइवे 11 स्थित गांव पाटोली-पीपलखेडा़ के बीच गोपाल होटल के सामने गुर्जर शहीद स्थल पर शनिवार को गुर्जर समाज के लोग वसुंधरा सरकार के कार्यकाल को एक वर्ष पूरा होने पर आयोजित सरकार के जश्न का विरोध करने के लिए एकत्र होकर शोक सभा करेंगे।
इसके लिए शुक्रवार समाज के पंच-पटेल जनसंपर्क में जुटे रहे और लोगों को शोक सभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के मुखिया कर्नल किरोडीसिंह बैसला की अध्यक्षता में बुधवार को गोपाल होटल परिसर में आयोजित गुर्जर समाज के पंच-पटेलों की बैठक में वसुंधरा सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर जयपुर में आयोजित समारोह का विरोध किए जाने का निर्णय लिया गया था। गुरुवार को समाज की बैठक गांव शहदपुर में आयोजित हुई जिसमें इस प्रदर्शन पर समाज के लोगों ने मोहर लगा दी।
सरकार के विरोध में शोक सभा में भीड़ जुटाने के उद्देश्य से शुक्रवार को ग्रामीण पंच-पटेल जनसंपर्क में जुटे रहे। गुर्जर नेता विजयसिंह ने बताया कि समाज शहीद स्थल पर एकत्रित होकर इसका विरोध करेगा। गुर्जर शहीद स्थल पर शनिवार को शोक सभा को लेकर दौसा करौली जिले के पुलिस गुप्तचर एजेंसी के लोग सक्रिय नजर जाए। शहीद स्थल का दौसा जिले के कई पुलिस अधिकारियों ने जायजा भी लिया।
राज्य सरकार के सालाना जश्न का विरोध।