दौसा .महवा. पीपलखेड़ा में बुधवार को आरक्षण को लेकर गुर्जर समाज की बैठक किरोड़ी सिंह बैसला की मौजूदगी में हुई।
इसमें आरक्षण आंदोलन के अगुवा रहे कर्नल बैसला, कैप्टन हरप्रसाद तंवर सहित समाज के अनेक नेताओं ने हुंकार भरते हुए चेताया कि सरकार 13 दिसम्बर से पूर्व गुर्जरों को आरक्षण दिलवाए नहीं तो सरकार एक बार फिर 2007 के आंदोलन की पुनरावृति को तैयार रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए कर्नल किरोड़ी बैंसला ने कहा कि सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में गुर्जरों को आरक्षण दिलाने का वादा किया था, लेकिन अब सरकार गुर्जरों को आरक्षण दिलाए बगैर 13 दिसम्बर को एक वर्ष के कार्यकाल का जश्न मनाने जा रही है। ऐसे गुर्जर समाज इसका कड़ा विरोध करता है।
इसके विरोध में गुर्जर समाज 13 दिसम्बर को पीपल खेडा़ शहीद स्थल पर हाथों में काली पट्टी बांधकर शोक दिवस मनाएगा। उन्होंने कहा कि अपार बहुमत के बावजूद सरकार गुर्जर समाज से वादा खिलाफी कर रही है। समाज के लोगों में इसका गुस्सा है। वे चुप नहीं बैठने वाले। उन्होंने चेताया कि सरकार 13 दिसम्बर से पूर्व गुर्जर आरक्षण का हल निकाले। अन्यथा गुर्जर 2007 के आंदोलन की तर्ज पर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
कैप्टन हरप्रसाद तंवर ने कहा कि सरकार दो दिन में गुर्जरों को आरक्षण दिलाए नहीं तो समाज द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसमें समाज के लोग आर-पार की लड़ाई से भी नहीं चूकेंगे। इस अवसर पर बडी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे।
सरकार के जश्न में शामिल हों समाज के लोग
गुर्जर पंचायत में बैसला सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने समाज के साथ वादा खिलाफी की है। उन्होंने सरकार भाजपा में शामिल गुर्जर नेताओं पदाधिकारियों से अपील की कि वे यदि समाज के साथ वफादारी और सहानुभूति रखते है तो वे सरकार के जश्न में शामिल हो। साथ ही 13 दिसंबर को पीपल खेडा़ में शोक दिवस में शरीक हो।