बंद रहा सर्राफा बाजार
दोलाख से अधिक के आभूषणों की खरीद पर पैन कार्ड की अनिवार्यता के विरोध में बुधवार को सराफा बाजार बंद रहा जहां व्यापारियों ने इसका विरोध जताते हुए अध्यक्ष बिजेंद्र अवस्थी के नेतृत्व में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
तहसीलदार घनश्याम अग्रवाल को मुख्य मंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि पैन कार्ड की अनिवार्यता का आभूषण उद्योग पर विपरीत असर पड़ेगा। साथ ही इसकी अनिवार्यता के चलते ग्रामीणों को आभूषणों से वंचित होना पड़ेगा। उन्होंने सरकार से पैन कार्ड की अनिवार्यता खत्म करने की मांग की है। इस दौरान अनेक व्यापारी मौजूद थे।इधर विरोध के चलते दिन भर सर्राफा बाजार बंद रहा जिसके कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना पड़ा।
दूसरेदिन भी बंद रही खाद-बीज की दुकानें
महवा | सरकारके कीटनाशक एवं फर्टिलाइजर्स अनुज्ञापन नियम में संशोधन कर कृषि स्नातक के नियम को हटवाने की मांग को लेकर दूसरे दिन भी खाद बीज व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखी। जानकारी के अनुसार खाद बीज विक्रेताओं का विरोध बुधवार को भी जारी रहा। इसे लेकर दुकानदारों का कहना था कि इस नियम से किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक आसानी से उपलब्ध नहीं हो सकेंगे। उन्होंने सरकार से जल्द दुकानदारों की मांगों पर अमल करने की मांग की है। उन्होंने चेताया कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जातीं, तब तक दुकानदार अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध जारी रखेंगे। इधर खाद बीज की दुकानें बंद रहने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।