मकराना। ग्राम बाजोली की एक 13 वर्षीया छात्रा से चलती ट्रेन में चार युवकों द्वारा गैंग रेप के मामले में मकराना पुलिस उप अधीक्षक सुभाषचंद्र मिश्रा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मंगलवार को पुलिस की दो टीमों का गठन कर विभिन्न जगहों पर दबिशें दीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी मिश्रा दो दिनों से पीलवा थाने में ही डेरा डाले हुए हैं।
मिश्रा ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी को लेकर थानाधिकारी दातारसिंह राठौड़ हैड कांस्टेबल अयूब खान के नेतृत्व में दो टीमों का गठन कर विभिन्न जगहों पर दबिशें दी जा रही हैं। आरोपियों तक पहुंचने के लिए मुखबिर एवं तकनीकी साधनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। घटना रेल में घटित होने के कारण जोधपुर जीआरपी पुलिस अधीक्षक पीपी टांक ने भी पूरे घटनाक्रम के बारे में उनसे जानकारी ली है। नाबालिग के साथ गैंगरेप के मामले को पुलिस गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है।
यह था मामला
गौरतलब है कि पीड़िता को उसकी सहेली ने अपनी मां से मिलवाने के लिए ट्रेन में बैठाकर डेगाना चलने के लिए कहा था। ट्रेन में चार जनों उसके साथ दुष्कर्म किया। इस पर उसके माता-पिता ने पीलवा थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।