पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • क्राइम कंट्रोल में सबका सहयोग जरूरी: आईजी अमृत कलश

क्राइम कंट्रोल में सबका सहयोग जरूरी: आईजी अमृत कलश

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेररेंज आईजी अमृत कलश शुक्रवार को मकराना थाने का आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर का दौरा कर मौजीज लोगों सीएलजी सदस्यों से भी बातचीत की। आईजी ने लोगों से कहा कि अपराध रोकने के लिए पुलिस की सक्रियता जरूरी है मगर आमजन भी पुलिस को सहयोग करें तो अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

दोपहर लगभग तीन बजे मकराना पहुंचने के बाद आईजी ने पुलिस थाने का निरीक्षण किया शांति समिति, सीएलजी सदस्यों की बैठक ली। उन्होंने बैठक में कहा कि शहर में क्राइम कंट्रोल के लिए पुलिस पूरी तरह से चाक चौबंद है। शांति व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सौहार्द्र इसी प्रकार बना रहे, इसके लिए सभी समुदायों के मौजिज लोगों का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि मकराना साम्प्रदायिक सौहार्द्र के मामले में खास पहचान रखता है। यहां पर हर वर्ग के लोग एक दूसरे से प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं।

अंजुमन सदर हाजी इरशाद अली चौधरी ने शहर वासियों की ओर से शांति व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिलाया। बैठक में भारत विकास परिषद के श्याम सुंदर स्वामी ने कहा कि पिछले दिनों पेयजल समस्या का समाधान नहीं होने पर सुभाष नगर की महिलाओं ने रास्ता जाम कर अपनी मांग से अवगत कराया था परंतु समस्या के निराकरण की बजाय पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कर लिए।

सीएलजी सदस्य किसी मामले में थाने जाते हैं तो अधिकारी उन्हें पहचानते तक नहीं। इस पर आईजी ने कहा कि सीएलजी सदस्य विवादों, धरने प्रदर्शन में समझाइश के लिए जाते समय पुलिस थाने को फोन पर अवगत करवाकर जाएं ताकि उन्हें परेशानी नहीं उठानी पड़े। उन्होंने सुभाष नगर कॉलोनी के लोगों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी में निष्पक्ष कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। सभापति अब्दुल सलाम भाटी, व्यवसायी संजय धारीवाल आदि ने विचार रखे। आईजी ने पुलिस उपाधीक्षक सुभाष मिश्रा को मकराना हल्के में सीएलजी शांति समिति का नए सिरे से गठन करने के लिए निर्देशित किया। इससे पूर्व आईजी को पुलिसकर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। बैठक में थानाधिकारी राजेश कुमार, पूर्व पालिकाध्यक्ष गयूर रांदेड़, उप सभापति मोहम्मद सईद रांदेड़, इब्राहीम गैसावत, मनोज मिश्रा, कैलाश शर्मा, संपत सिंह कालवा, कयूम हिन्दुस्तान सहित लोग मौजूद थे।

मकराना. सीएलजी शांति समिति सदस्यों की बैठक लेते आईजी अमृतकलश।