- Hindi News
- रोटरी क्लब ने स्कूल को वाटर कूलर भेंट किया
रोटरी क्लब ने स्कूल को वाटर कूलर भेंट किया
भास्कर न्यूज | मकराना | बूड़सू
रोटरीक्लब मकराना के तत्वावधान में भामाशाह विक्रम सिंह जूसरी के सौजन्य से गुरुवार को राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय जूसरी में एक वाटर कूलर भेंट किया गया। जूसरी के ठाकुर अमर सिंह राठौड़ ने फीता काटकर वाटर कूलर का उदघाटन किया।
विद्यालय प्रबंध समिति एवं ग्रामीणों ने उपस्थित रोटरी क्लब के सदस्यों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान बालिका स्कूल की अध्यापिका विमला सैनी ने विद्यालय की गतिविधियों एवं परीक्षा परिणाम से अतिथियों को अवगत कराया। भामाशाहों ने स्कूल में सुविधाओं उपलब्ध करवाने के लिए घोषणाएं की।
भामाशाह रफीक अहमद भाटी ने 32 हजार रुपए, विक्रम सिंह जूसरी ने 11 हजार रुपए तथा अब्दुल अजीज गहलोत ने 10 हजार छह सौ रुपए विद्यालय विकास में देने की घोषणा की। राशि से विद्यालय में शौचालय निर्माण तथा फर्नीचर बनाने का कार्य किया जाएगा।
प्रदीप जैन ने फर्नीचर बनाने में कम पड़ने वाली समस्त राशि देने की घोषणा की। भाटी ने बोर्ड परीक्षा में अधिकतम अंक प्राप्त करने वाली बालिका को पुरस्कार स्वरूप लैपटॉप देने की घोषणा की।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष एक्यू कुरैशी, नीतेश जैन, अब्दुल कयूम भाटी, महमूद हसन सिसोदिया, एजी बेहलीम, सगीर अहमद सहित दामोदर चोटिया, महेश काबरा, मदन नवाल, कन्हैया लाल मेघवाल, छितर मेघवाल, माणक चोटिया मूलसिंह आदि ग्रामवासी उपस्थित थे।
मकराना. जूसरीस्कूल में वाटर कूलर का उदघाटन करते हुए राठौड़ अन्य।