मकराना में स्वच्छता अभियान शुरू
मकराना. नगरपरिषद की ओर से सोमवार से शहर में स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। सभापति शौकत अली गौड़ ने वार्ड संख्या 16 से इस साप्ताहिक अभियान की शुरूआत करते हुए नागरिकों को स्वच्छता बनाएं रखने के लिए जागरूक किया। उन्होंने लोगों को कचरा निर्धारित स्थलों पर डालने, कचरे को सड़कों पर नहीं फेंकने, पॉलीथिन का उपयोग बंद करने के लिए प्रेरित किया। अभियान के तहत गुणावती मोहल्ले में कचरे के ढेर उठाकर सड़क किनारे बने मिट्टी के टीलों को समतल किया गया। 14 दिसंबर तक चलने वाले अभियान के तहत परिषद के प्रत्येक वार्ड में सफाई की जाएगी। इसी प्रकार अभियान के तहत प्लास्टिक कैरी बेग डिस्पोजल नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।