- Hindi News
- बिना प्रिंसिपल एक साल से चल रहा है स्कूल
बिना प्रिंसिपल एक साल से चल रहा है स्कूल
चावंडियागांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्कूल क्रमोन्नत होने के बाद से ही प्राचार्य सहित व्याख्याताओं कार्यालय स्टॉफ के पद खाली पड़े हैं जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है। लगभग तीन माह बाद बोर्ड परीक्षा शुरू हो जाएगी। ऐसे में विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर उनके अभिभावक चिंतित हैं। ग्रामवासियों ने अनेक बार अधिकारियों से व्याख्याता अन्य कर्मचारी लगाने की मांग की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।
स्कूल में 143 विद्यार्थियों का नामांकन है और यह काफी पुराना है। वर्ष 1997 में इसे सेकंडरी तक क्रमोन्नत किया गया था। 2013 में विद्यालय को उच्च माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नत कर दिया गया। क्रमोन्नति के बाद से ही स्कूल में प्रधानाचार्य का पद खाली है। इसी तरह यहां पर व्याख्याताओं के तीन पद स्वीकृत किए गए थे जो कि दो साल से खाली चल रहे हैं। 12 वीं तक के स्कूल में कार्यालय के काम हेतु एक भी यूडीसी या एलडीसी नहीं है। सरकार को भेजने वाली सभी डाक स्कूल के अध्यापकों को ही बनानी पड़ती है।
द्वितीय श्रेणी के गणित हिंदी के शिक्षकों के पद भी खाली हैं। स्कूल में पहले ही टीचर्स कम हैं उनमें से कुछ को कार्यालय संबंधी काम में लगा दिया जाता है। कुल मिलाकर बच्चों को स्कूल के कमरों में बैठक स्वयं के स्तर पर ही अध्ययन करना पड़ रहा है। शिक्षकों की कमी से नामांकन भी नहीं बढ़ पा रहा है। उच्च माध्यमिक स्कूल के लिहाज से यहां कमरों की संख्या भी कम है। विभाग इन सब कमियों की लगातार अनदेखी कर रहा है।
मकराना. राजकीयउच्च माध्यमिक विद्यालय चावंडिया जो शिक्षकों को तरस रहा है।