पेयजल लाइन में लीकेज से सड़क में बना गड्ढा
मकराना | स्थानीयमाताभर रोड पर पेयजल आपूर्ति की मुख्य लाइन में लीकेज होने से सड़क में गड्ढा हो गया। माताभर स्थित पेयजल आपूर्ति की टंकी से मकराना के माताभर, इकबालपुरा, गुलजारपुरा, राबड़ बेरा, मोमिनपुरा, मिण्डकिया रोड आदि जगहों पर पेयजल की आपूर्ति की जाती है। इस लाइन में राबड़ बेरा के पास लीकेज होने से हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ बह गया एवं वहां पर बड़ा गड्ढा बन गया। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सड़क के बीच गड्ढ़ा बन जाने से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में जलदाय विभाग को अवगत कराया गया परंतु किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जा रही है। लीकेज की समस्या भी काफी दिनों से अनवरत जारी है।