अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने की कार्रवाई
सदरथाना पुलिस ने मंगलवार सुबह 5 बजे गांव घेघोली के पहाड़ पर हो रहे अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान अलग-अलग जगह से अवैध खनन के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार कर पत्थरों से लदी 7 ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक बोलेरो दो बाइकें जब्त की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया तथा कई लोग पुलिस को देखकर भाग गए। एसपी कैलाश चंद विश्नोई ने बताया कि अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्रामीण सीओ परमाल सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने सुबह गांव घेघोली पहाड़ पर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। इस दौरान पत्थर खनन करते पाए गए आरोपी नूरो पुत्र होशियार, जमशेद पुत्र इशाक, शरीफ पुत्र नसीर, शफी मोहम्मद पुत्र इशाक, जुम्मा पुत्र मोहम्मद निवासी घेघोली को गिरफ्तार कर पत्थरों से लदी 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई। इसके अलावा पत्थर खनन करने वालों को पुलिस की सूचना देने के आरोप में आंसू निवासी छिलवाड़ी, मेजर निवासी बिणजारी एवं अनीस निवासी मन्नाका को गिरफ्तार किया गया। एसपी विश्नोई ने बताया कि अवैध खनन में लिप्त लोग रास्ते पर चैकर रखते हैं, जो बाइक एवं कार से पुलिस की निगरानी रखते हैं। इससे आरोपी पुलिस से बच निकलते थे। उधर, सोमवार देर शाम बुर्जा बाईपास पर अवैध खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में पत्थर ले जाते कमलेश शर्मा छुट्टनलाल निवासी सताना थाना मालाखेड़ा को गिरफ्तार किया।