रतवाका में खसरा फैला, 26 बच्चे पीड़ित
महुआखुर्दके समीप स्थित मेव बहुल रतवाका गांव में करीब 55-60 घर हैं। गांव में खसरा फैलने के बाद भी ये लोग अस्पताल नहीं पहुंचे। मेडिकल टीम के गांव पहुंचने तक परिजनों ने बीमार बच्चों को कोई दवा भी नहीं दी। मेडिकल टीम ने ही बच्चों की स्क्रीनिंग कर खसरे की दवा दी। जागरूकता के अभाव में मेव बहुल कई गांवों में पहले भी टीकाकरण से दूरी बनाए रखने के मामले सामने चुके हैं।
भास्कर संवाददाता | अलवर
मालखेड़ाके रतवाका गांव के बच्चे खसरे की गिरफ्त में हैं। एएनएम की सूचना पर मंगलवार को पहुंची टीम ने पहले दिन 26 खसराग्रस्त बच्चों को चिन्हित किया। जिला मुख्यालय से डिप्टी सीएमएचओ डॉ. छबील कुमार एवं जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. बबीता सिंह भी गांव पहुंची और बीमारी संबंधी जानकारी ली। डिप्टी सीएमएचओ ने बताया कि खसरा फैलने की सूचना एएनएम से मिलने के बाद गांव में मेडिकल टीम भेजकर सर्वे कर खसरे के रोगियों की स्क्रीनिंग के निर्देश दिए गए। टीम ने गांव में शाम तक 26 बच्चे खसरे के चिन्हित किए हैं। इन्हें दवा दे दी गई है। बुधवार को मेडिकल टीम के साथ मालाखेड़ा सीएचसी से शिशुरोग विशेषज्ञ भी गांव जाएंगे और खसरे से पीड़ित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। अगर बच्चे अधिक बीमार हुए तो उन्हें जिला मुख्यालय के शिशु अस्पताल रैफर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी गांव में अन्य बच्चों के खसरा से पीड़ित होने की आशंका है। इसलिए मेडिकल टीम को बच्चों की डोर टू डोर सर्वे और लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं।