अिधकारी आमजन की समस्याओं का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता से करें
अतिरिक्तजिला कलेक्टर प्रथम हरभान मीना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता से करें। उन्होंने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय जन सुनवाई में अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से प्राप्त परिवेदनाओं का निस्तारण आगामी जन सुनवाई से पूर्व करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अलवर के 160 फीट रोड स्थित मोहन नगर की महिलाओं की परिवेदना पर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के लिए जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए। थानागाजी के ग्राम पड़ाक छापली निवासी हनुमान सहाय को वृद्घावस्था पेंशन दिलाने की परिवेदना पर एसडीएम थानागाजी को जांच कर नियमानुसार पेंशन दिलाने की कार्रवाई के निर्देश दिए। बहरोड़ के मिलकपुर निवासी प्रतापसिंह की परिवेदना पर बहरोड़ तहसीलदार को प्रार्थी की कृषि भूमि पर कब्जे की शिकायत की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। बहरोड़ के ढिंढोर में बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण की शिकायत पर बहरोड़ तहसीलदार को अतिक्रमण हटाने को कहा। अलवर नगर परिषद आयुक्त को एनईबी हाउसिंग बोर्ड कृषि उपज मंडी के पास सेक्टर एक स्थित सार्वजनिक पार्क में अतिक्रमण की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने रामगढ़ निवासी त्रिलोकचंद के विद्युत बिल में अनियमितता की शिकायत पर जयपुर डिस्कॉम के अधिशाषी अभियंता को बिल सुधार के निर्देश दिए। मालाखेड़ा के ग्राम पृथ्वीपुरा में ग्रामीणों की शिकायत पर जिला रसद अधिकारी को डीलर अशोक सैनी के खिलाफ राशन वितरण में अनियमितता की जांच करने को कहा। साथ ही पृथ्वीपुरा के मित्र केंद्र पर उपभोक्ताओं से अधिक पैसा वसूलने की शिकायत की जांच के निर्देश अलवर एसडीएम को दिए। लक्ष्मणगढ़ तहसील के ग्राम बूंटोली निवासी हरलाल की इंदिरा आवास योजनांतर्गत मकान संबंधी परिवेदना पर विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करें। अलवर के शुक्ल की बगीची प्रीत विहार एनईबी विस्तार काॅलोनी के निवासियों की क्षेत्र में पाइप लाइन नहीं होने से पेयजल समस्या संबंधी परिवेदना पर उन्होंने जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता को कहा कि पेयजल समस्या का निस्तारण शीघ्र करावें। उन्होंने गत जनसुनवाई में आए प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रकरणों के निस्तारण की सूचना परिवेदनाकर्ता को देना सुनिश्चित करें। जनसुनवाई में आए प्रकरणों को राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज किया गया तथा अन्य प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जनसुनवाई में अतिरिक्त जिला कलेक्टर द्वितीय विनय कुमार नगायच सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
अलवर. कलेक्ट्रेट जन सुनवाई मे उपस्थित अधिकारी।