जनसुनवाई में लोगों ने बताई समस्याएं
अलवर| अतिरिक्तजिला कलेक्टर प्रथम हरभान मीना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता से करें। उन्होंने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय जन सुनवाई में अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से प्राप्त परिवेदनाओं का निस्तारण आगामी जन सुनवाई से पूर्व करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अलवर के 160 फीट रोड स्थित मोहन नगर की महिलाओं की परिवेदना पर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के लिए जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए। अलवर नगर परिषद आयुक्त को एनईबी हाउसिंग बोर्ड कृषि उपज मंडी के पास सेक्टर एक स्थित सार्वजनिक पार्क में अतिक्रमण की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मालाखेड़ा के ग्राम पृथ्वीपुरा में ग्रामीणों की शिकायत पर जिला रसद अधिकारी को डीलर अशोक सैनी के खिलाफ राशन वितरण में अनियमितता की जांच करने को कहा। साथ ही पृथ्वीपुरा के मित्र केंद्र पर उपभोक्ताओं से अधिक पैसा वसूलने की शिकायत की जांच के निर्देश अलवर एसडीएम को दिए। अलवर के शुक्ल की बगीची प्रीत विहार एनईबी विस्तार काॅलोनी के निवासियों की क्षेत्र में पाइप लाइन नहीं होने से पेयजल समस्या संबंधी परिवेदना पर उन्होंने जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता को कहा कि पेयजल समस्या का निस्तारण शीघ्र करावें। जनसुनवाई में अतिरिक्त जिला कलेक्टर द्वितीय विनय कुमार नगायच सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
अलवर. जनसुनवाई में राशन डीलर की शिकायत लेकर पहुंचे पृथ्वीपुरा के लोग।