गोविंद महोत्सव 13 से
अलवर | महावरवैश्य सभा के तत्वावधान में बजाजा बाजार स्थित महावर गोविंद देव मंदिर में 13 से 15 फरवरी तक गोविंद महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर 13 फरवरी को मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। महावर वैश्य सभा के अध्यक्ष रतनलाल गुप्ता ने बताया कि 13 फरवरी को सुबह 7 बजे मंदिर में गणेश पूजन के साथ तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ होगा। इसके बाद सुबह 7.30 बजे उद्योगपति मनोज गुप्ता द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। सुबह 9 बजे महाआरती होगी।
सुबह 9.30 बजे गोविंददेव मंदिर से शोभायात्रा प्रारंभ होगी। शोभायात्रा होपसर्कस, घंटाघर, पंसारी बाजार, चर्च रोड, मन्नी का बड़, बस स्टैंड, विवेकानंद चौक, मालाखेड़ा बाजार, त्रिपोलिया होती हुई बजाजा बाजार स्थित गोविंददेव मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी। शोभायात्रा में एक दर्जन झांकी, बैंड, भजन मंडली शामिल होगी। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण इस्कॉन मंडली होगी। 14 फरवरी को सुबह 8 बजे रामचरित मानस पाठ प्रारंभ होंगे। 15 फरवरी को सुबह 9 बजे हवन होगा। महाआरती के बाद दोपहर 12 बजे प्रसाद वितरण होगा।