लालजी महाराज का जन्मोत्सव मनाया
संतलालजी महाराज सेवक दल की ओर से रविवार को स्कीम दो स्थित पुरुषार्थी धर्मशाला में संत लाल जी महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कीर्तन, प्रवचन भंडारे का आयोजन हुआ। कार्यक्रम स्थल को गुब्बारों से सजाया गया। महामंडलेश्वर धर्मदेव महाराज पटोदी वालों ने संत लालजी महाराज के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गरीब की सेवा करना ही सच्चा धर्म है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि वे लग्न के साथ मानव सेवा करें। यह धार्मिक स्थल पर जाने से भी बढ़कर है। इस अवसर पर आयोजित कीर्तन कार्यक्रम में भुवनेश सहगल फरीदाबाद वालों ने ओह बोडिय़ा वाला बाबा दर्शन दे दे... सहित अन्य भजनों की प्रस्तुति दी। इनके अलावा गद्दी नशीन गोस्वामी जयलाल महाराज फरीदाबाद वाले, रामजीदास यमुनानगर वालों के अलावा अन्य श्रद्धालुओं ने भी पंजाबी भजन गुरु दे द्वारे असी नचना लाल पगड़ी कमाल पगड़ी... सहित अन्य भजनों की प्रस्तुति दी।
इस दौरान गद्दी नशीन गोस्वामी जयलाल महाराज ने भी श्रद्धालुओं के साथ नृत्य किया। इस अवसर पर भव्य दरबार भी सजाया गया। सेवक दल के प्रवक्ता राजू धवन ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक ज्ञानदेव आहूजा, नगर परिषद सभापति अशोक खन्ना, पुरुषार्थी समिति के कोषाध्यक्ष पं. किशन लाल शर्मा, अजय सहगल, हरिशरण ग्रोवर, हितेश चिटकारा, अभिनंदन चिटकारा, दर्शन शर्मा उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि इससे पहले मालाखेड़ा बाजार स्थित बोहड़ी वाला थल्ला पर गद्दी नशीन गोस्वामी जयलाल महाराज ने अरदास की। इस अवसर काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
अलवर. लालजी महाराज के जन्मोत्सव पर स्कीम नंबर दो स्थित पुरुषार्थी धर्मशाला में भजनों पर नृत्य करते श्रद्धालु संत।