पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जन कल्याकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे

जन कल्याकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिलाविधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति बौंली के तत्वावधान में रविवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बौंली में मेगा विधिक चेतना एवं लोक कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के अध्यक्ष अजय कुमार ओझा थे अध्यक्षता बौंली सरपंच राजेश गोयल ने की। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव विनोद कुमार गिरी, सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट तथा तालुका विधिक सेवा समिति बौंली के अध्यक्ष पवन कुमार जीनवाल, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश कुमार यादव, मलारना डूंगर एसडीएम रघुनाथ खटीक एवं बार अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर भी अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। अन्य अतिथियों ने भी कहा कि ऐसे शिविरों के आयोजनों से समाज की मुख्य धारा से पिछड़कर अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचता है। इस अवसर पर विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तालुका विधिक सेवा समिति द्वारा चलाई जा रही विधिक चेतना एवं सहायता के कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई।

कई लोगों को मिली सहायता: शिविर के दौरान विभिन्न प्रकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को दिलवाया गया। एकल विधवा योजनांतर्गत 29 महिलाओं को आवास योजना के चेक, विधवा, विकलांग एवं वृद्घावस्था वाले पात्र 99 महिला एवं पुरुषों को सामाजिक सुरक्षा योजनांतर्गत पेंशन राशि के चेक, पालनहार योजनांतर्गत 96 पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति राशि के चेक, अपना खेत अपना काम योजनांतर्गत 26 लोगों को चेक, स्वच्छ भारत मिशन योजनांतर्गत शौचालय निर्माण करवाने वाले 23 व्यक्तियों को प्रोत्साहन राशि 12000-12000 रुपए के चेक, छह विकलांग लोगों को ट्राई साइकिलें, दो को व्हील चेयर एवं दो को वैशाखी आदि का वितरण किया गया। इसके अलावा किसानों को राजस्व विभाग से संबंधित नकलें, पट्टा, भामाशाह कार्ड, 11 छात्राओं को गार्गी पुरस्कार, 20 छात्राओं को ट्रैक सूट, जननी सुरक्षा योजना के चेक आदि का वितरण किया गया। तालुका विधिक सेवा समिति बौंली के सचिव गिर्राज प्रसाद राठौर ने बताया कि योजनांतर्गत प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से करीब साढ़े चार हजार लोगों को लाभान्वित किया जा चुका है।

शिविर के दौरान विकास अधिकारी विजय सिंह चौहान, तहसीलदार बद्रीनारायण मीणा, बीईईओ पल्लीवाल मीणा, बीसीएमओ बीएल मीणा सहित एडवोकेट, पटवारी, न्यायिक कर्मचारी, सरपंच- सचिव, महिला पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय के प्राचार्य योगेश कुमार शर्मा ने किया।

बौंली. मेगाविधिक चेतना एवं लोककल्याणकारी शिविर के दौरान एक विकलांग को ट्राई साइकिल देते अतिथि।

खबरें और भी हैं...