दानिश अबरार के नेतृत्व में किसान न्याय रैली 14 को
नगर संवाददाता | सवाई माधोपुर
ट्रैक्टर-ट्रॉलियोंका व्यावसायिक श्रेणी में निशुल्क रजिस्ट्रेशन करवाकर किसानों को न्याय दिलाने के लिए दृढ संकल्पित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दानिश अबरार के नेतृत्व में 14 फरवरी को किसान न्याय रैली निकाली जाएगी। एंडा गांव से शुरू होने वाली रैली सवाई माधोपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से होती हुए मलारना स्टेशन पहुंचकर सभा में परिवर्तित होगी। यहां पर किसान कांग्रेस कमेटी की ओर से किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली संघर्ष समिति का गठन किया जाएगा। रैली के दौरान 18 गांवों में आयोजित सभा को अबरार संबोधित करेंगे।
अबरार ने बताया कि जिले में पिछले कुछ वर्षों से ओलावृष्टि, अतिवृष्टि बेमौसम वर्षा के चलते फसलें चौपट होने तथा वर्षा नहीं होने से वर्तमान में कई खेत खाली पड़े हुए हैं। इससे कृषि पर निर्भर रहकर आजीविका कमाकर अपने परिवार का पालन पोषण करने वाला किसान कर्ज में डूब गया है। इसके चलते जिले के अधिकांश किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से खाद, मिट्टी, बजरी, ईंट, पत्थर आदि ढोकर अपनी आजीविका चला रहे थे, लेकिन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का व्यावसायिक श्रेणी में रजिस्ट्रेशन होने से पुलिस द्वारा किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़कर थानों में बंद किया जा रहा है। इसके चलते किसानों का आजीविका का साधन छिनने से उनके सामने रोजी रोटी का संकट खडा हो गया है। उन्होंने बताया कि किसानों की इस समस्या को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने किसानों को न्याय दिलाने के लिए किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का व्यावसायिक श्रेणी में निशुल्क रजिस्ट्रेशन करवाने की मांग को लेकर सरकार को जगाने के लिए किसान न्याय रैली निकाली जाएगी। रैली की तैयारियों को लेकर पार्टी के पदाधिकारियों कार्यकर्ता से वार्ता कर जिम्मेदारियां दी जा रही है।
इनगांवों में होगी सभा: किसानकांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह गुर्जर एडवोकेट ने बताया कि किसान न्याय रैली सुबह एंडा में सभा के आयोजन से शुरू होकर श्यामपुरा, चकेरी, मखौली, कुंडेरा, रांवल, बजरिया ट्रक यूनियन, करमोदा, सूरवाल, मैनपुरा, जडावता, दुब्बी बनास, देवली, भाड़ौती, रसूलपुरा, भारजा, मलारना डूंगर होती हुई मलारना स्टेशन पहुंचकर सभा में परिवर्तित होगी। यहां पर किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली ट्रॉली संघर्ष समिति का गठन किया जाएगा। इससे पूर्व रैली के दौरान विभिन्न गांवों में सभा का आयोजन किया जाएगा। सभा को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सहित पार्टी कई पदाधिकारी संबोधित करेंगे।