पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • लावारिस पड़े हैं लाखों के सरकारी भवन

लावारिस पड़े हैं लाखों के सरकारी भवन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सरकारीयोजनाओं के नाम पर शहर में लाखों रुपए खर्च कर निर्मित कराए गए भवनों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। अजमेर रोड, बृजलालनगर, नए अस्पताल भवन के पास, रेलवे स्टेशन रोड हायर सेकंडरी स्कूल परिसर के हॉस्टल लावारिस हालत में हैं। इन सरकारी भवनों में ज्यादातर तो वे हैं जिन्हें अतिआवश्यक सेवाओं के तहत बनाया गया है। गरीबों को रोजगार देने के नाम पर सरकारी धन बहाकर बनाए गए व्यापारिक उपयोग के भवन सहित पंचायतीराज विभाग के भवनों की दुर्दशा अधिकारियों की अनदेखी की गवाही दे रही है।

रेफरल अस्पताल के नए भवन के पास करीब पचास लाख के दो आवासीय भवन विभागीय अनदेखी के कारण लावारिस हालत में हैं। डॉक्टर कंपाउंडरों के रहने के लिए बनाए गए इन भवनों के दरवाजे खिड़कियां, पंखे बिजली फिटिंग के तार और बिजली बोर्ड के बटन तक चोरी हो गए, लेकिन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग या पीडब्लूडी की ओर से आज तक चोरी के मामले में एफआईआर तक दर्ज नहीं कराई गई। नए अस्पताल भवन में मरीजों का उपचार शुरू करने के बावजूद इन आवासीय भवनों की कोई सुध नहीं ले रहा है। बृजलाल नगर ग्राम में बने आवासीय क्वार्टर व्यापारिक दुकानों सहित रोजगार के लिए बनाई दुकानों पर लाखों रुपए खर्च किए। सारसंभाल के अभाव में लाखों की सरकारी संपत्ति बेकार पड़ी है। अजमेर रोड पर समाज कल्याण विभाग की रोजगार योजना के तहत पालिका की ओर से बनाई दुकानें विभागीय उदासीनता को कोस रही हंै। लाखों रुपए खर्च करने के बावजूद ये सरकारी दुकानें अनुपयोगी साबित हो रही हैं। लोगों ने सरकारी धन के दुरुपयोग की निंदा करते हुए लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की आवश्यकता जताई है।

चिकित्साधिकारी डॉ. अर्जुनदास का कहना है कि नए अस्पताल भवन के पास के आवासीय भवनों को उपयोगी बनाने के संबंध में अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई। फिलहाल जस के तस हैं। नगर पालिका के कार्यवाहक ईआे वेदप्रकाश पारीक का कहना है कि अजमेर रोड पर दुकानें नगर पालिका ने अनुसूचित जाति निगम योजना के तहत बनवाई थीं, जिनका कोई उपयोग नहीं हुआ। अब इनको नीलाम किया जाएगा।

मालपुरा . अजमेररोड पर बनाई दुकानें क्षतिग्रस्त हालत में।

मालपुरा . बृजलालनगरमें आवासीय भवन के चारों तरफ उगे पेड़-पौधे।

मालपुरा . नएअस्पताल भवन के पास आवासीय भवनों के किवाड़-खिड़कियां तोड़ ले गए लोग।