- Hindi News
- काम नहीं करने वालोंं को वेतन दिया तो अधिकारी की खैर नहीं
काम नहीं करने वालोंं को वेतन दिया तो अधिकारी की खैर नहीं
उपखंडस्तरीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए एसडीएम देवाराम सुथार ने हिदायत दी कि वे समय पर कार्यालय में उपस्थित हो तथा कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आने कार्यालय समय तक सीट नहीं छोड़ने के लिए पाबंद करें। उन्होंने कहा कि कार्यालय में काम नहीं करने वाले कर्मचारी का वेतन पारित किया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सरकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश भी दिए। एसडीएम सोमवार को उपखंड स्तरीय समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।
उन्होंने अधिकारियों को कहा कि वे सरकारी कार्यक्रमों को अधिक महत्व दें कार्यालयों में समय से आएं जाएं।
उन्होंने सरकारी स्कूलों के घटिया शैक्षणिक स्तर पर चिंता जताई। बैठक में ब्लाक शिक्षा अधिकारी रामगोपाल से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत चल रही मालपुरा उपखंड की स्कूलों में पढ़ रहे बच्चे निरीक्षण के दौरान सिस्टर की अंग्रेजी नहीं बता पा रहे हैं। शानदार स्कूल भवन फर्नीचर के साथ-साथ पर्याप्त वेतन के बावजूद स्कूलों में पढ़ाई नगण्य है। उन्होंने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में सघन निरीक्षण कर शिक्षा का स्तर सुधारने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वे सभी सरकारी कार्यालयों अस्पतालों स्कूलों सहित सार्वजनिक भवनों की तीस सितंबर से पूर्व साफ सफाई करा लें। उन्होंने बैठक में शिक्षा चिकित्सा पेयजल तथा बिजली सप्लाई व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने सेक्टर अधिकारियों को स्कूलें जांचने गांवों में बिजली पानी सहित मूलभूत सुविधाओं की जांच भी करें।