- Hindi News
- ध्वस्त हुए अतिक्रमण चौड़े दिखने लगे रास्ते
ध्वस्त हुए अतिक्रमण चौड़े दिखने लगे रास्ते
भास्कर न्यूज | मालपुरा-लांबाहरिसिंह
लांबाहरिसिंहगांव में पुलिस प्रशासन की ओर से मंगलवार अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। पहले ही दिन मालपुरा से अजमेर रोड के लांबाहरिसिंह बस स्टैंड पर किए गए कई कच्चे-पक्के अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया। दुकानों के आगे लगे बड़े-बड़े टिन टप्पर तिरपाल हटाए गए तथा घर दुकानों के आगे से मिट्टी के ढेर चबूतरियों को जेसीबी से साफ कर पानी की निकासी के लिए फिलहाल कच्ची नालियां खोदी गई है।
मालपुरा से लांबाहरिसिंह अजमेर रोड मोरला रोड तथा गांव के अंदर के रास्ते के दोनों तरफ खड़े घने बिलायती बबूलों को जेसीबी से खोद कर एक तरफ डाला गया, जिससे गांव अब सुंदर चौड़े रास्ते वाला आकर्षक लगने लगा है। अभियान की शुरुआत से पहले एसडीएम पुलिस तथा पीडब्लूडी एवं ग्राम पंचायत ने गांववासियों को आगाह कर दिया था कि दस फरवरी से स्वच्छता कार्यक्रम की शुरुआत अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया जाएगा। उपखंड प्रशासन पीडब्लूडी ने ग्राम पंचायत के सहयोग से मुख्य बाजार बस स्टेंड सहित गांव के अंदर भी अतिक्रमणों को चिंहित कर मंगलवार का हटाना शुरू किया तो दर्शकों की भीड़ लग गई। बसस्टैंड पर मामूली कहासुनी विरोध के अलावा गांववासियों के सहयोग से तमाम अतिक्रमण टिन छप्पर तथा तिरपाल सड़क पर बनाई चबूतरियां सहित अन्य कब्जे हटा दिए गए।
एसडीएम प्रभाती लाल जाट के सानिध्य में चलाया गया यह अभियान लांबाहरिसिंह वासियों के लिए वरदान साबित हुआ। बीते कई वर्षों से अतिक्रमण रास्ते में ठेलों के जमावड़े तथा दुकानों के बाहर चबूतरे टिन छप्पर लगे होने के कारण लांबाहरिसिंह के बस स्टैंड तथा गांव के अंदर जाने के मुख्य रास्ते पर एक कार निकलना मुश्किल हो रखा था।
एसडीएम प्रभाती लाल जाट ने बताया कि पीडब्लूडी के अधिकारियों द्वारा जेसीबी से मंगलवार को लांबाहरिसिंह में सड़क के आसपास किए गए अतिक्रमण हटाए बीडीओ पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में शुरू किए अतिक्रमण हटाने के कार्य में नागरिकों ने भी पूर्ण सहयोग दिया। कुछ लोगों को पक्के अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है। अभियान लगातार जारी रहेगा। कई लोगों ने अभियान शुरू होने से पहले खुद ही अपने अतिक्रमणों को हटा कर प्रशासन का सहयोग किया।
मालपुरा-लांबाहरिसिंह. लांबाहरिसिंहरोड के पास बबूलों को जेसीबी से हटाया।