- Hindi News
- दुबारा कॉपी चेक कराई तो जिला मेरिट में आई छात्रा
दुबारा कॉपी चेक कराई तो जिला मेरिट में आई छात्रा
राजस्थानमाध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान अजमेर की ओर से 12वीं विज्ञान संकाय के परीक्षा परिणाम में लापरवाही का खमियाजा जिले की एक छात्रा को भुगतना पड़ा। बोर्ड की ओर से गणित विषय में कम अंक जारी करने पर छात्रा ने जब दुबारा कॉपी की जांच करवाई तो उसके नंबर बढ़ गए और जिले की मेरिट में 10वां स्थान प्राप्त कर लिया।
मालपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा हेमलता वर्मा ने वर्ष 2013-14 में 12वीं विज्ञान वर्ग (गणित) की परीक्षा में शामिल हुई थी। गणित विषय का पेपर अच्छा होने पर भी परिणाम में गणित विषय में मात्र 38 अंक ही मिले। इस पर छात्रा ने गड़बड़ी होने का अंदेशा जताते हुए दुबारा कॉपी जांच करवाने को कहा। पिता बाबूलाल ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर राजस्थान को कॉपी की दुबारा जांच के लिए आवेदन किया। कॉपी जांच की तो वीक्षक ने नंबरों के जोड़ का कुल योग 58 के स्थान पर 38 अंकित किया हुआ था।
शिकायत के बाद माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की ओर से 21 अगस्त को संशोधन परीक्षा परिणाम जारी किया। इसमें छात्रा हेमलता के 500 में से 429 अंक प्राप्त किए। इसके बाद छात्रा जिले की माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की सीनियर हायर सेकंडरी परीक्षा विज्ञान वर्ग (गणित) में मेरिट में 10वें स्थान पर गई है।