- Hindi News
- दो वर्ष से एसीबी में दबी भूखंड घोटाले की जांच
दो वर्ष से एसीबी में दबी भूखंड घोटाले की जांच
मालपुरा. बृजलालव्यास की याद में बसाया बृजलाल नगर।
भास्कर न्यूज | मालपुरा
बृजलालनगर में आवासीय भूखंडों के घोटाले के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो टोंक ने मामला सही पाए जाने पर एफआईआर तो दर्ज कर ली, लेकिन दो साल बाद भी आज तक कार्रवाई नहीं की जा सकी है। फरियादी बृजलाल नगर निवासी महेश केजडीवाल ने वर्ष 2006 में तत्कालीन सरपंच और सचिव द्वारा जारी किए अवैध पट्टों के खिलाफ एसीबी टोंक में प्रकरण पेश किया था। एसीबी में मामला 14/6 दर्ज कर प्रारंभिक कार्रवाई में छह साल बीत जाने के बाद आरोपी सरपंच के खिलाफ वर्ष 2012 में एफआईआर 64/12 नंबर पर दर्ज की गई थी, लेकिन अभी तक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। आवासीय भूखंडों को सार्वजनिक रूप से नीलाम करने के नियमों को ताक पर रखकर ग्राम पंचायत राजपुरा के सरपंच पद पर पदासीन रहे प्रतिनिधियों ने लाखों रुपए वसूल कर गुपचुप पट्टे जारी कर दिए, जबकि सरकारी कोष में 50 रुपए गज तो कहीं 100 या 250 रुपए गज के हिसाब से राशि जमा कराकर खानापूर्ति कर दी गई। वर्ष 2004 में तत्कालीन सरपंच और सचिव द्वारा जारी किए गए 52 भूखंडोंं के पट्टों को लेकर हुए हंगामे के बाद फरियादी ने तत्कालीन सरपंच के खिलाफ एसीबी में प्रकरण दर्ज कराया था, लेकिन एसीबी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। फरियादी ने मामले में कार्रवाई के लिए बीते दिनों पुलिस महानिदेशक मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। एसीबी द्वारा जांच कार्रवाई में ढिलाई के कारण अभी तक भूखंडों के अवैध पट्टे जारी किए जा रहे हैं।
बृजलालनगर के भूखंडों पर निर्माण पर रोक : वर्ष1991 में सरकार की ओर से बृजलाल नगर के भूखंड नंबर 110, 111, 112, 113, 114, 115, 116, 117, 118, 127 128 पर निर्माण पर प्रतिबंध के बावजूद वर्तमान पंचायत की अनदेखी से भवन बनवा दिए गए।
इंस्पेक्टरकर रहे हैं जांच
^बृजलालनगर में भूखंड घोटाले के संबंध में प्रारंभिक जांच के बाद 2012 में आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एफआईआर के बाद जांच का कार्य इंस्पेक्टर कर रहे हैं। जांच होते ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। -विशालशर्मा, एएसपी,भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो