गैस एजेंसी संचालक को ग्रामीणों ने घेरा
इंडेनगैस एजेंसी संचालक मुनिम का सोमवार को उपभोक्ताओं ने घेराव किया। पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत कराया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी संचालक ने कनेक्शन के लिए एडवासं राशि ले रखी है। इसके बावजूद उन्हें कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं।
गैस एजेंसी संचालक अजय चावला मुनिम कमलेश सेन सोमवार को तहसील कार्यालय में किसी काम से मांडल आए। उनके आने की सूचना पर ग्रामीण वहां पहुंच गए। ग्रामीणों के पहुंचने की सूचना पर संचालक चावला वहां से निकल गए। ग्रामीणों ने मुनिम को घेर लिया। मामला गरमाने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। 21 जनवरी तक जमा राशि लौटाने के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। वर्तमान में इंडेन गैस एजेंसी की वैकल्पिक व्यवस्था आसींद गैस ऐजेंसी को दे रखी है। मालीखेड़ा के गोपाल माली ने बताया कि गैस एजेंसी संचालक जमा राशि लौटाने को लेकर चक्कर दे रहे हैं। इससे हमें परेशान होना पड़ रहा है। इधर, थानाधिकारी मुकुंद सिंह ने बताया कि कनेक्शन की एडवांस राशि लौटाने का मामला था। दोनों पक्षों में राशि लौटाने को लेकर सहमति बन गई। मामला समझाइश से निपट गया। दोनों पक्षों की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है।