भीलवाड़ा. मांडलगढ़ में कांग्रेस के तीन नेताओं पर 25 लाख रुपए लेकर क्रॉस वोटिंग कराने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को मानपुरा गांव में पूर्व जिला प्रमुख कन्हैयालाल धाकड़ पर भितरघात कर पंचायत समिति प्रत्याशियों को हराने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धाकड़ का पुतला फूंका और उनके खिलाफ नारेबाजी की।
गौरतलब है कि प्रधान के चुनाव में 25 लाख रुपए लेकर क्रॉस वोटिंग कराने में पूर्व जिला प्रमुख धाकड़, ब्लॉक अध्यक्ष कन्हैयालाल जाट पूर्व उप प्रधान भैंरू जाट पर कांग्रेस की प्रधान प्रत्याशी नीरजा कंवर ने आरोप लगाते हुए जिलाध्यक्ष अनिल डांगी को लिखित में शिकायत की थी।
पर्यवेक्षक बोले, जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई
पंचायत चुनाव पर्यवेक्षक केसी विश्नोई ने बताया कि पैसा लेकर क्रॉस वोटिंग कराने में प्रधान प्रत्याशी नीरजा कंवर द्वारा पार्टी के तीन नेताओं पर आरोप लगाने के मामले की जानकारी उन्हें मिली है। जांच रिपोर्ट में सत्यता पाए जाने पर दोषी पंचायत समिति सदस्यों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिन नेताओं ने ऐसे पंचायत समिति सदस्यों को टिकट देने की सिफारिश की उनके नाम भी प्रदेश नेतृत्व को बताए जाएंगे।