एनएचएआई के खिलाफ केस दर्ज
15 बार क्षतिग्रस्त हो चुकी है पाइप लाइन
भास्करन्यूज | बीगोद
त्रिवेणीसे मांडलगढ़ तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य में मुख्य पेयजल पाइपलाइन को जगह-जगह से क्षतिग्रस्त करने एवं उस पर सड़क निर्माण कराने का जलदाय विभाग द्वारा एनएचएआई के खिलाफ रविवार को मामला दर्ज कराया गया।
जलदाय विभाग के जेईएन कैलाशचंद्र जाटव ने बताया कि लाडपुरा से भीलवाड़ा तक निर्माणाधीन सड़क मार्ग निर्माण कार्य के दौरान त्रिवेणी से मांडलगढ़ रही मुख्य पेयजल पाइप लाइन को करीब 15 बार क्षतिग्रस्त किया जा चुका है जिसके चलते बार-बार पेयजल सप्लाई बाधित हो रही है। समस्या को लेकर पुलिस थाने में एनएचएआई के खिलाफ मामला दर्ज कराया, जिसमें बताया त्रिवेणी से मांडलगढ़ तक रोड के दोनो और 30 वर्ष पुरानी 6 आठ इंच मोटी पाइप लाइन बिछी है। राष्ट्रीय राजमार्ग लाडपुरा-भीलवाड़ा पर रवि इन्फ्राबिल्ड उदयपुर के कार्मिकों द्वारा होड़ा ग्राम से त्रिवेणी की ओर नहर के पास 6 इंच मुख्य लाईन को 7 फरवरी रात्रि को क्षतिग्रस्त कर दिया गया जिससे मांडलगढ़ कस्बे की पेयजल सप्लाई बाधित हुई राजकीय संपति को नुकसान हुआ। जबकि एनएचएआई के अधिकारियों को पूर्व में मुख्य पाइप लाइन के बारे में अवगत कराया गया था। लेकिन इसके बावजूद कई बार पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर जलापूर्ति बाधित की गई।
थानाधिकारी रघुवीरसिंह ने बताया कि जलदाय विभाग के जेईएन द्वारा दी गई एफआरआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
बीगोद. त्रिवेणी में सड़क निर्माण से क्षतिग्रस्त मुख्य पाइप लाइन।
त्रिवेणी नदी में जलाशयों को नुकसान
त्रिवेणीनदी में जलदाय विभाग द्वारा बरसों पूर्व निर्मित पक्के जलाशयों को एनएचएआई कार्मिकों द्वारा नुकसान पहुंचाया जिससे कुएं बेकार हो गए। कुंओं के इर्द-गिर्द मिट्टी के ढेर लगा दिए गए है जिससे कुओं का पानी पीने लायक नहीं रहा जलदाय विभाग के जेईएन ने बताया एनएचएआई अधिकारी सर्वप्रथम त्रिवेणी से मांडलगढ़ जा रही मुख्य पाइपलाइन को शिफ्ट करें फिर सड़क निर्माण कार्य करें तो पेयजल सप्लाई बाधित नहीं होगी।
^पेयजल सप्लाई लाइन को स्थानांतरित करने के लिए एनएचएआई के उच्चाधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है। उच्चाधिकारियों के निर्देश मिलते ही शीघ्र लाइन शिफ्ट करने का कार्य किया जाएगा। मनोजसिंह,डिप्टी प्रोजक्ट मैनेजर, एनएचएआई