आसींद। प्रेमी के साथ रहने की जिद पर शुक्रवार सुबह जाली गांव में एक युवती
मोबाइल टावर पर चढ़ गई। पुलिस ने समझाकर करीब डेढ़ घंटे बाद उसे नीचे उतारा। युवती ने प्रेमी के पिता पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पुलिस उपाधीक्षक रामनिवास गुर्जर, तहसीलदार रमेशचंद्र माहेश्वरी ने युवती से मामले की जानकारी ली। पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर लिया।
थानाधिकारी फूलचंद प्रजापत ने बताया कि छाजवों का खेड़ा गांव की युवती सुबह 9.30 बजे जाली गांव में मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची। मोबाइल से युवती से संपर्क कर उसे समझाया। काफी मशक्कत के बाद सुबह 11 बजे युवती टावर से उतरी। युवती ने पुलिस को बताया कि वह जाली गांव के हेमेंद्र सिंह राजपूत से प्रेम करती है।
19 मार्च 2014 को दोनों कांकरोली चले गए। सात माह साथ रहे। इस बीच उसके पिता ने मांडल थाने में गुमशुदगी दर्ज करवा दी। प्रेमी हेमेंद्र सिंह के पिता रिश्तेदार दोनों को ले आए। यहां लाकर दोनों को अलग-अलग कर दिया गया। युवती का गर्भपात भी करवा दिया। इसके बाद से युवती जाली गांव में ही रह रही है। युवती का आरोप है कि प्रेमी के पिता उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। प्रेमी हेमेंद्र सिंह का भी कोई पता नहीं है। उसके पिता ने गुमशुदगी दर्ज करवाई है। वह प्रेमी के साथ रहना चाहती है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।
युवती की बचपन में हुई थी शादी : थानाधिकारी ने बताया कि परिजनों ने युवती का बाल विवाह करवा दिया था। इससे वह खुश नहीं थी। इसके बाद से वह पीहर छाजवों का खेड़ा में रह रही थी। इसी बीच उसकी मुलाकात जाली गांव के हेमेंद्र सिंह से हुई। दोनों ने साथ रहने का फैसला किया। लेकिन हेमेंद्र सिंह के पिता परिजनों ने युवती को स्वीकार नहीं किया।
मंदिर में ली शरण : थानाधिकारी ने बताया कि युवती को प्रेमी के पिता ने स्वीकार नहीं किया तो वह जाली गांव में माताजी के मंदिर में रहने लगी। स्थिति इतनी खराब हो गई कि उसे भीख मांगकर गुजारा करना पड़ रहा था। इससे तंग आकर वह शुक्रवार को टावर पर चढ़ गई।
जिद| प्रेमी के साथ रहना चाहती है युवती, प्रेमी के पिता पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
(टावर पर बैठी युवती (गोले में)। )