बीगोद|मांडलगढ़। चंबल पेयजल परियोजना कार्य के चलते होड़ा गांव से गुजरने वाले भीलवाड़ा-लाडपुरा हाईवे पर वाहनों का आवागमन बढ़ गया। धूल से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को जाम लगा दिया। थानाधिकारी पांचूराम मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाकर मार्ग खुलवाया।
सुबह 7 बजे ही ग्रामीणों द्वारा मार्ग के दोनों ओर लकड़ियां एवं पत्थर लगाकर जाम लगाने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जाम से यात्रियों को परेशान होना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि चंबल परियोजना के काम में लापरवाही के चलते धूल उड़ रही है। जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। वार्डपंच मुकेश नायक, लक्ष्मीनारायण सुवालका ने बताया कि धूल से सांस एवं अन्य बीमारियां हो रही हैं।