भीलवाड़ा. ब्यावर से चित्तौड़गढ़ जा रही इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की पाइप लाइन तोड़कर डीजल चुराने का मामला पकड़ में आया है। बागौर क्षेत्र के अमरगढ़ गांव के पास चोरों द्वारा पाइप लाइन में छेद करके और उसमें वाल्व लगाकर डीजल चोरी की जा रही थी।
इस दौरान करीब 50 हजार लीटर डीजल बह गया। कॉरपोरेशन अधिकारियों ने बुधवार सुबह मौके पर जेसीबी से खुदाई कराई तो करीब 80 मीटर दूर एक नोहरे में वाल्व लगा मिला, जहां से डीजल चोरी की जा रही थी। पुलिस ने डीजल चोरी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन चोरों का पता नहीं चल सका।
मांडल सीओ पूरण सिंह भाटी के अनुसार, मंगलवार सुबह बागौर क्षेत्र के अमरगढ़ के पास इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की पाइप लाइन में रामेश्वर जाट के खेत में छेद कर डीजल चुराने की सूचना मिली। थानाधिकारी पूरणमल मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी चित्तौड़गढ़ में कंपनी के अधिकारी मृगेंद्र कुमार को दी।
इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने देखा तो मौके पर पाइप लाइन से तेल का रिसाव होता मिला। खेत मालिक रामेश्वर जाट परिवार सहित गायब हो गया। रामेश्वर जाट समेत 10 जनों के खिलाफ डीजल चोरी का मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की पाइप लाइन से डीजल चोरी का धंधा लंबे समय से हो रहा है। रिसाव से करीब 50 हजार लीटर डीजल मिट्टी में मिल गया।
खुदाई पर यह मिला
खेत में खुदाई करने पर पाइप लाइन में करीब 10 एमएम का छेद मिला। जिसमें लकड़ी का गट्टा ठोक रखा था। तेल निकालने के लिए केबल लगी थी। केबल के आधार पर खुदाई की तो करीब 80 मीटर दूर वाल्व लगा मिला, जहां से डीजल भरा जा रहा था।
एसपी ने देखा मौका
बुधवार सुबह एसपी एचजी राघवेंद्र सुहास ने मौके पर पहुंच निरीक्षण किया। जांच अधिकारी मांडल सीओ पूरण सिंह को दिशा-निर्देश दिए। एफएसएल टीम ने भी मौका मुआयना किया।
रिपेयर के वक्त लगी आग
पाइपलाइन में किए छेद की कॉरपोरेशन अधिकारियों द्वारा रिपेयरिंग कराने के दौरान आग लग गई। अधिकारियों के पास आग बुझाने के साधन होने से आग पर काबू पा लिया गया। तेल सूखने पर रिपेयरिंग कार्य शुरू होगा।