दो साल से जारी था डीजल चोरी का खेल
ब्यावरसे चित्तौड़ जा रही इंडियन ऑयल कार्पोरेशन की पाइप लाइन को अमरगढ़ के पास क्षतिग्रस्त कर तेल चुराने के आरोपियों का चौथे दिन भी सुराग नहीं लगा।
शुक्रवार चौथे दिन भी मौके से ऑयली मिट्टी हटाने का कार्य जारी रहा। आईओसी अधिकारी मुशरु वैन की मदद से मिट्टी में मिले डीजल पेट्रोल को निकाल टैंकर में भर रहे हैं। इस काम में तीन जेसीबी, एक एलएनटी मशीन आदि साधन लगा रखे हैं। एसपी एचजी राघवेंद्र सुहास के अनुसार अमरगढ़ निवासी रामेश्वर जाट उसके परिवार के सदस्य पाइप लाइन में छेद कर करीब दो साल से डीजल, पेट्रोल चुराने में लगे थे। यह घटना स्थल पर रिसे डीजल-पेट्रोल को देखने के बाद कहा जा सकता है। मौके पर बड़ी मात्रा में रिस कर मिट्टी में मिले डीजल को मुशरु वैन से निकाल टैंकर में भरा जा रहा है। पाइप लाइन से गुरुवार को पेट्रोल तथा शुक्रवार को डीजल पहुंचाया जा रहा था।
थानाधिकारी पूरणमल का कहना है कि लाइन से हो रहे रिसाव को रोकने के लिए कंपनी अधिकारियों द्वारा खुदाई का दायरा बढ़ाया जा रहा है, ताकि रिपेयर कार्य जल्द शुरू हो सके। शुक्रवार को भी मौके से मुशरु वैन के जरिए दो टैंकर से भी अधिक डीजल-पेट्रोल एकत्र किया गया। इस बीच चोरी के आरोपी रामेश्वर जाट उसके परिवार के सदस्यों की मांडल बागौर थानों की दो पुलिस टीमें तलाश कर रही है। मामले की जांच मांडल सीओ पूरणसिंह भाटी कर रहे है।