- Hindi News
- हमने क्रॉस वोटिंग नहीं की, आरोप साबित हुए तो इस्तीफा दे देंगे
हमने क्रॉस वोटिंग नहीं की, आरोप साबित हुए तो इस्तीफा दे देंगे
मांडलगढ़. क्रॉसवोटिंग के लिए 25 लाख रुपए लेने के आरोपों से आहत ब्लॉक अध्यक्ष कन्हैयालाल जाट पूर्व उप प्रधान भैरूलाल जाट और चार पंचायत समिति सदस्य सीमा धोबी, शिव गुर्जर, राजेंद्र रैगर संपत शर्मा साथियों सहित बुधवार को मुकुनपुरिया गोशाला माताजी मंदिर में एकत्रित हुए। पंचायत समिति के चारों सदस्यों ने मंदिर में सौगंध लेकर खुद को पाक साफ बताया। उन्होंने बताया कि उन्होंने क्रॉस वोटिंग नहीं की। उन पर आरोप साबित होते हैं तो वे सात दिन में इस्तीफा दे देंगे। इधर, ब्लॉक अध्यक्ष जाट पूर्व उप प्रधान जाट ने भी आरोप साबित होने पर इस्तीफा देने की बात कही है। पूर्व उप प्रधान जाट ने कहा कि उन पर आरोप साबित नहीं हुए तो वे कोर्ट जाएंगे।
उपप्रधान प्रत्याशी गुर्जर ने नीरजा कंवर पर लगाया आरोप:इधर, उपप्रधान प्रत्याशी रतन गुर्जर ने माताजी मंदिर में मीडिया के सामने प्रधान प्रत्याशी नीरजा कंवर पर उन्हें वोट नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नीरजा कंवर ने भाजपा से साठ-गांठ कर वोट नहीं दिया। हालांकि शाम तक गुर्जर ने स्पष्टीकरण जारी कर बताया कि उन्होंने दिन में ब्लॉक अध्यक्ष जाट पूर्व उप प्रधान जाट के दबाव के कारण ऐसे बयान दिए थे। दोनों जाट नेता मुझ पर इस तरह के बयान के लिए दबाव बना रहे थे। गुर्जर ने इस संबंध में जिलाध्यक्ष डांगी को भी पत्र लिखा है।