पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बैंक से बच्चे ले भागे 1.30 लाख रुपए रखा बैग

बैंक से बच्चे ले भागे 1.30 लाख रुपए रखा बैग

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भीलवाड़ा. मांडलगढ़ कस्बा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से बुधवार दोपहर दो बच्चे एक व्यक्ति का नकदी रखा बैग ले भागे। बैग में 1 लाख 30 हजार रुपए थे। बैग मालिक फार्म भरने के लिए घूमा तब तक बच्चों ने अपना कमाल दिखा दिया। पुलिस ने नाकाबंदी करा दोनों बच्चों को करणपुरा के पास खेत से पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों बच्चे मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कनेरी गांव के हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

थानाधिकारी मान सिंह के अनुसार, मांडलगढ़ के पुरानी आबादी निवासी नंदलाल पुत्र रामचंद्र खटीक कस्बे में ही बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा पहुंचे तथा खाते से करीब 1 लाख 30 हजार रुपए निकलवाए। जिन्हें बैग में रख कर वे फार्म भरने घूमे। इसी दौरान बैंक में मौजूद दो बच्चों ने नकदी रखा बैग पार कर लिया। बैग नहीं मिलने पर नंदलाल चिल्लाए जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

बैग मालिक बैंककर्मियों ने बैग ले जाने वालों की तलाश की, लेकिन पता नहीं चलने पर करीब एक घंटे बाद थाने में सूचना दी। जिस पर पुलिस बैंक पहुंची तथा जानकारी लेने के बाद क्षेत्र में नाकाबंदी करा तलाश शुरू की। करणपुरा गांव के पास खेत में दो बच्चे दिखे, जो पुलिस को देख भागने लगे। पीछा कर पकड़ा तो उनके पास जेब में नकदी मिल गई। पुलिस दोनों को पकड़कर थाने लाई तथा नकदी बरामद कर ली।

बच्चे एमपी के कनेरी निवासी

पकड़ गए दोनों बच्चे कनेरी (राजगढ़-मध्यप्रदेश) के हैं। जिनकी उम्र करीब 10-12 साल है। नकदी भरा बैग उठाने के बाद दोनों वहां से भाग निकले। बैंक के पीछे खेत में नकदी निकालने के बाद बैग को वहीं पटक दिया। नकदी दोनों ने अपनी जेब में भर ली। पुलिस ने पांच किमी दूर तक पीछा कर मक्का के खेत से दोनों को पकड़ लिया।

सीसीटीवी कैमरे से लगा पता

थानाधिकारी का कहना है कि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों से दोनों बच्चों का पता चला। कैमरों में बैंक में बेंच पर दो बच्चे बैठे दिखे, जो वहां रखे फार्म आदि को उलट-पलट रहे थे। पास बैठे एक अन्य व्यक्ति के पूछने पर उन्होंने पापा-मम्मी के आने की बात कही। उस आदमी के जाने के बाद दोनों ने मौका देख कर नकदी रखा बैग पार कर लिया।

स्टेट बैंक में भी हो चुकी वारदात

पुलिस का कहना है कि करीब 6 माह पूर्व कस्बे के स्टेट बैंक में भी ऐसी वारदात हो चुकी है। उस वक्त बाल अपचारियों ने 50 हजार रुपए रखा बैग पार किया था।