- Hindi News
- मोदी से मिले केजरीवाल, कहा दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलना चाहिए
मोदी से मिले केजरीवाल, कहा-दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलना चाहिए
दिल्लीके मुख्यमंत्री बनने जा रहे आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पहली मुलाकात में ही उन्होंने राजधानी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग उनके सामने रख दी। पंद्रह मिनट की बातचीत में दूसरे कई मुद्दों पर भी बात हुई।
मुलाकात के बाद आप नेता मनीष सिसौदिया ने बताया, ‘दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग पर मोदी ने विचार करने का आश्वासन दिया है।’ प्रधानमंत्री को आप नेताओं ने 14 फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का न्यौता भी दिया। लेकिन मोदी ने महाराष्ट्र में पहले से तय कार्यक्रम का हवाला देते हुए इसमें आने में असमर्थता जता दी।
दिल्ली चुनाव के दस फरवरी को नतीजे आने के बाद प्रधानमंत्री ने केजरीवाल को फोन पर बधाई दी थी। उन्हें चाय पर चर्चा के लिए बुलाया था। इसी सिलसिले में गुरुवार को सिसौदिया के साथ केजरीवाल उनसे मिलने पहुंचे थे। दोनों बुधवार को गृह मंत्री राजनाथ सिंह और शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू से भी मिले थे। उनसे भी दिल्ली को पूर्ण राज्य के दर्जे के बारे में बात की थी।
विवादितहै पूर्ण राज्य का मसला
दिल्लीको पूर्ण राज्य का दर्जा देने का मसला लंबे समय से विवादित है। इस बार आप और कांग्रेस ने इस मुद्दे को अपने घोषणा पत्र में जगह दी थी। लेकिन भाजपा के दृष्टि पत्र में इसे शामिल नहीं किया गया था।
संघ की बैठक में दिल्ली चुनाव में हार पर चर्चा
गुरुवारको राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने यहां केशव कुंज में वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात की। माना जा रहा है कि इसमें दिल्ली में भाजपा की करारी हार का मुद्दा भी आया। सुरेश भैयाजी जोशी, सुरेश सोनी, दत्तात्रेय होसबोले मौजूद थे।
जेटली बोले- प्रभावित नहीं होंगे आर्थिक सुधार
वित्तमंत्री अरुण जेटली ने गुुरुवार को कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनावों के नतीजों के बावजूद सरकार आर्थिक सुधार के एजेंडे से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक सुधारों से निवेश बढ़ने के साथ ही रोजगार के मौके पैदा होंगे और गरीबी खत्म करने में मदद मिलेगी। जेटली के इस बयान के बाद लगभग पूरे दिन सीमित दायरे में रहे शेयर बाजार अंतिम डेढ़ घंटे में ऊपर चढ़ गए। सेंसेक्स 271 अंक और निफ्टी 84 अंक उछाल के साथ बंद हुए। वित्त मंत्री ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में 70 में से भाजपा को तीन सीटें मिलने पर कहा, ‘हमने सत्ता में आने के बाद चार चुनाव जीते हैं। एक नहीं जीत पाए। इसके आधार पर यह नही मानना चाहिए कि हमने जो प्रक्रिया शुरू की थी, उसमें आगे धीमापन आएगा।’
असर- कांग्रेस में दिल्ली की हार पर छिड़ी जंग
दिल्लीचुनावों में पार्टी का सफाया होने पर कांग्रेस में जंग छिड़ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने चुनावों में पार्टी का चेहरा रहे अजय माकन पर निशाना साधा। कहा, \\\"अजय माकन पर मुझे तरस रहा है। वह सोच रहे थे कि सब अकेले ही कर लेंगे। उन्होंने किसी और को शामिल किया ही नहीं। उनकी स्टाइल से पार्टी को कोई फायदा नहीं हुआ।\\\' दीक्षित के बयान के कुछ ही घंटे बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मध्यस्थता की कोशिश की। बड़े नेताओं को खुलेआम लड़ने पर फटकारा भी। पार्टी के दिल्ली प्रभारी पीसी चाको ने बताया, \\\"कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बड़े नेताओं के बयान दुखद है। बड़े नेताओं को संयम दिखाना ूचाहिए।\\\'
दिल्ली में आप सरकार में मनीष सिसौदिया का उपमुख्यमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। केजरीवाल 14 फरवरी को कैबिनेट के अन्य सदस्यों के साथ शपथ लेंगे। मंत्रियों की सूची गुरुवार को उपराज्यपाल को भेज दी गई है। पिछली आप सरकार में शहरी विकास, शिक्षा, लोकनिर्माण जैसे विभाग संभालने वाले सिसौदिया को औपचारिक तौर पर नंबर दो दर्जा दिया जा रहा है। इससे केजरीवाल को राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने के काम के लिए समय मिल सकेगा। बुधवार रात से चल रही बैठकों के बाद कैबिनेट तय की गई। सूत्रों का कहना है कि इसमें चार नए चेहरे हो सकते हैं। नए नामों में जितेंद्र तोमर, कपिल मिश्रा, संदीप कुमार और असीम अहमद खान हैं। असीम अल्पसंख्यक चेहरा हो सकते हैं। शायद कोई महिला चेहरा हो। सिसौदिया और सत्येंद्र जैन को छोड़कर पिछले मंत्रिमंडल में रहे सौरभ भारद्वाज, सोमनाथ भारती, गिरीश सोनी और राखी बिड़लान को इस बार कैबिनेट से बाहर रखा जा सकता है। चुनाव से पहले भाजपा को छोड़कर आप में शामिल हुए शाहदरा से विधायक रामनिवास गोयल को विधानसभा का अध्यक्ष बनाया जा सकता है। शालीमार बाग से विधायक वंदना कुमारी को उपाध्यक्ष बनाए जाने की संभावना है।