भीलवाड़ा/मांडल। ब्यावर-भीलवाड़ा मार्ग पर मांडल तालाब के पास गुरुवार दोपहर एसिड से भरा टैंकर पलट गया। इससे शुरू हुए रिसाव के कारण अफरा-तफरी मच गई। चालक-खलासी मौके से भाग निकले। पुलिस के अनुसार आसींद की तरफ से एसिड भर कर भीलवाड़ा रहा टैंकर गुरुवार दोपहर मांडल तालाब की रपट के पास पीछे का टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलटी खा गया।
केबिन टैंकर अलग-अलग हो जाने से एसिड का रिसाव शुरू हो गया। इससे सड़क पर फैले एसिड से विस्फोट की आशंका में ट्रैफिक रोक दिया गया। रिसाव हुए एसिड से क्षेत्र का वातावरण प्रदूषित हो गया। ग्रामीणों की आंखों में जलन श्वास में तकलीफ होने लगी। इस पर घटना की जानकारी मांडल थाने में दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तथा जिला मुख्यालय पर दमकल को सूचना दी। दो दमकल घटना स्थल पर पहुंची तथा करीब पांच घंटे तक पानी का छिड़काव कर एसिड के असर को समाप्त किया। इस कार्रवाई के चलते वाहनों को दूसरे रास्ते निकाला गया।
चालक खलासी फरार
एएसआई हेमसिंह का कहना हैं कि दुर्घटना के बाद टैंकर का चालक खलासी घटना स्थल से भाग निकले। हादसे के चलते चालक को मामूली चोटें लगने की बात भी लोगों ने कही, लेकिन दोनों का पता नहीं चला।