ईंट भट्टों का निरीक्षण, अनियमितता पर दिए नोटिस
मौके पर नहीं मिले बाल श्रमिक
भास्करसंवाददाता | भीलवाड़ा
श्रमविभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को आसींद तहसील के मोड़ का निंबाहेड़ा एवं मांडल क्षेत्र में संचालित ईंट भट्टों का निरीक्षण कर संचालकों को अनियमितताओं को दूर करने के निर्देश दिए।
श्रम निरीक्षक जीपी शर्मा ने मोड़ का निंबाहेड़ा क्षेत्र में संचालित पूजा ब्रिक्स, मुरली ईंट उद्योग, पांचाली ब्रिक्स एवं भैरव ईंट उद्योग का निरीक्षण कर रिकॉर्ड पूरा नहीं पाए जाने पर संचालकों को नोटिस देकर अनियमितताएं दूर करने के निर्देश दिए हैं वहीं श्रम निरीक्षक विश्वैश्वर चौधरी ने मांडल क्षेत्र में संचालित पांच ईंट भट्टों का निरीक्षण किया।
उन्होंने जोगणिया ब्रिक्स, जय जोगणिया ईंट उद्योग, नाकोड़ा फ्लाई ऐश, श्री राम ईंट उद्योग एवं श्री नाकोड़ा ईंट उद्योग का निरीक्षण किया। चौधरी ने बताया कि जिन ईंट भट्टों पर रिकॉर्ड पूरा नहीं मिला उन्हें निरीक्षण पत्र देकर 10 दिन की अवधि में अनियमितता दूर करने के निर्देश दिए हैं वहीं जोगणियां ब्रिक्स, जय जोगणिया ईंट उद्योग पर किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई। रिकॉर्ड पूरा होने के साथ ही वहां पर काम करने वाले बच्चों के लिए संचालित स्कूल में भी बच्चे पढाई करते हुए मिले। वहां 60 बच्चों का नामांकन था और लगभग सभी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान बाल श्रम का कोई मामला सामने नहीं आया। टीम के सदस्यों ने स्कूल के स्टाफ से भी बात की बच्चों की पढ़ाई के बारे में जानकारी ली।
न्यायिक मिशन टीम ने एसडीएम से ली जानकारी
मांडल| अंतरराष्ट्रीय न्यायिक मिशन की टीम ने मंगलवार को उपखंड अधिकारी देवीसिंह रावत से मुलाकात कर ईंट भट्टों पर मजदूरों की स्थिति एवं उनके लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। मिशन के जोन हैड अभिषेक जोशप ने बताया कि ईंट भट्टों पर काम करने वाले मजदूरों को दी जाने वाली मजदूरी, पंजीकरण, उनके बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं गर्भवती महिलाओं की देखरेख संबंधी जानकारियां ली गई।