भीलवाडा। नगरपालिका मंडल की साधारण सभा की बैठक बुधवार को हुई। अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष रेखा चंदेल ने की। उपाध्यक्ष लखन काकाणी तहसीलदार नारायण लाल जीनगर की मौजूद में बैठक शुरू होते ही पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया। नेता प्रतिपक्ष ओमप्रकाश चंदेल ने अतिक्रमण के मुद्दे पर पालिका अध्यक्ष को घेरा।
उनका आरोप था कि मनमर्जी से अतिक्रमण हटाने का अभियान स्थगित कर दिया गया। इससे पार्षदों की छवि खराब हुई है। पार्षदों ने भी सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि चहेतों पर गाज गिरने की बारी आई तो अतिक्रमण हटाने का अभियान रोक दिया गया। इस मुद्दे पर पालिका उपाध्यक्ष लखन काकाणी बोलने लगे तो पार्षद उलझ पड़े। सदन में हंगामा और नारेबाजी शुरू हो गई। बैठक में सत्ता पक्ष के पार्षद गजेंद्र माली ने पालिका प्रशासन को आड़े हाथ लेते हुए गत तीन महीने में एक भी विकास कार्य नहीं कराने का आरोप लगा दिया।
उन्होंने कहा कि पालिका में मनमर्जी से काम हो रहे हैं। पार्षद कमलेश पाठक ने पालिका प्रशासन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि वार्ड 7 में दो मंजिला मकान को खाली भूखंड बताकर जुर्माना नहीं वसूला गया। जिससे पालिका कोष को चुना लगा है। इसकी पत्रावली की जांच होना चाहिए।
पार्षद बंशीलाल रैगर ने पूर्व मंत्री रामपाल उपाध्याय के नाम पर सर्किल बनाने के लिए 5 लाख रुपए की स्वीकृति का प्रस्ताव सदन में रखा। जिस पर सभी ने सहमति जताई। पार्षद रैगर ने पार्षद कोष बनाने की मांग भी रखी। पार्षद गजेंद्र माली ने गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि लिए गए प्रस्तावों पर क्रियान्विति नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कृषि भूमि पर पक्के निर्माण बनाने का विरोध किया।
पार्षद अनुज त्रिपाठी ने पेयजल आपूर्ति के लिए टैंकर चालू करने, बंद पड़े हैंडपंप, पनघट चालू करने तथा पशुओं के लिए पानी चारा डिपो की व्यवस्था शुरू करने का प्रस्ताव रखा। पार्षद कमलेश पाठक ने पूर्व में प्रस्तावित पालिका कार्यालय में एकल खिड़की योजना शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताई। बैठक में अधिशाषी अधिकारी कृष्णगोपाल माली, सीएचसी प्रभारी डॉ. छैलबिहारी सविता, जेईन विनोद सौलंकी पार्षद मौजूद थे।
8 मिनट में 19 प्रस्ताव 20 करोड़ का बजट पारित
बैठक शुरू होते ही कभी हंगामा तो कभी नारेबाजी होती रही। हंगामा बढ़ता देख पालिका अध्यक्ष चंदेल ने मात्र 8 मिनट में 19 प्रस्तावों पर चर्चा कर आनन-फानन में प्रस्ताव पारित करा दिए। वहीं 2016-2017 के लिए 20 करोड़ का बजट पारित किया गया।
बजट के मुद्दे पर एकजुट दिखे पक्ष-विपक्ष
नेता प्रतिपक्ष ओमप्रकाश चंदेल ने बजट की कॉपी बैठक के दौरान ही उपलब्ध कराने की बात कही। वे बोले- बजट की प्रति नियमानुसार बैठक से पहले उपलब्ध करानी चाहिए ताकि हमें भी पता चले कि बजट में क्या होने वाला है। चंदेल के इस सुझाव पर कई पार्षदों ने सहमति जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। बजट के मुद्दे पर पक्ष विपक्ष के पार्षद एकजुट नजर आए। बैठक का बहिष्कार कर पार्षद बाहर निकल आए। उन्होंने पालिका अध्यक्ष ईओ पर हठधर्मिता भ्रष्टाचार का आरोप लगाते नारेबाजी शुरू कर दी।