अशिक्षित महिलाएं भी स्वयं सहायता समूहों से जुड़ें
मांडलगढ़ | पंचायतसमिति सभागार में मंगलवार को राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद के तत्वावधान में बैठक आयोजित हुई। जिला परियोजना प्रबंधक विनोद पानेरी जिला प्रबंधक राजेश चतुर्वेदी ने बैठक ली। बैठक में कन्वर्जन मैनेजर अमित जोशी ने प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए महिला स्वयं सहायता समूह एवं उसके दायित्वों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से सदस्य महिला उत्थान के लिए आर्थिक एवं सामाजिक स्तर को सुधारने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। स्वयं सहायता समूह के सदस्य छोटी-छोटी बचत कर सकते हैं। तहसीलदार भूपेंद्रसिंह सौलंकी ने कहा कि अशिक्षित महिलाएं भी स्वयं सहायता समूह की सदस्य बनकर बचत कर सकती हैं। विकास अधिकारी नारायणसिंह राठौड़ ने पंचायत समिति क्षेत्र में चल रही परियोजनाओं की सफल क्रियान्विति के लिए जनप्रतिनिधियों को भागीदारी निभाने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह अपने आप में गरीबों का बैंक है, जो सदस्यों को बचत, ऋण एवं अन्य योजनाओं के लाभ की सुविधा उपलब्ध कराता है। बैठक में बीगोद सरपंच गणेश पारीक, खाचरोल सरपंच शिवराजसिंह सौलंकी , खटवाड़ा सरपंच सज्जन सिंह बाफना, महुआ सरपंच रणजीत सिंह शक्तावत आदि मौजूद थे।
मांडलगढ़. पंचायतसमिति में आयोजित बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधि अधिकारी।