उप श्रम आयुक्त कार्यालय नहीं बदलें
{श्रमिक संगठनों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन
भास्करन्यूज | भीलवाड़ा
उपश्रम आयुक्त कार्यालय को लेबर कॉलोनी से अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने को लेकर श्रमिकों में आक्रोश है। गुरुवार को विभिन्न श्रम संगठनों के प्रतिनिधि मंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर श्रम कार्यालय को स्थानांतरित नहीं करने की मांग की। कार्यालय प्रवक्ता सत्यनारायण सेन ने बताया कि श्रम विभाग के अधिकारी राजकीय भवन को खाली कर किशनावतों की खेड़ी स्थित किराए के मकान में शिफ्ट करना चाह रहे हैं। अगर यह कार्यालय स्थानांतरित हो गया तो श्रमिकों का वहां पहुंचना कठिन हो जाएगा। जिलेभर के श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के लिए कार्यालय आते हैं। अभी जिस जगह कार्यालय है, वहां आवागमन के साधन हैं, लेकिन जिस जगह कार्यालय स्थानांतरित होना है वहां श्रमिकों को आने जाने में परेशानी होगी। ज्ञापन देने वालों में सीटू के मोहम्मद हुसैन कुरैशी, इंटक के छीतरमल सेन, मेवाराम खोइवाल, भामसं के जुम्मा कठात, गोपाल चतुर्वेदी, एटक के ओमप्रकाश शर्मा ने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर स्थिति से अवगत कराया।