सम्मान पाकर खुश हो गईं बेटियां
भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा
बसंतपंचमी पर शिक्षा विभाग की ओर से प्रतिभावान छात्राओं को गार्गी एवं इंदिरा प्रियदर्शिनी पुरस्कार दिए गए। यह पहला मौका था जब ये सम्मान समारोह जिला मुख्यालय की बजाय सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर हुए। इससे पहले पुरस्कार लेने वाली दूरस्थ बालिकाओं को समारोह में आने-जाने को लेकर परेशानी होती थी। बिजौलिया पंचायत समिति का समारोह मांडलगढ़ में हुआ जबकि भीलवाड़ा शहर के लिए सुवाणा पंचायत समिति मुख्यालय पर समारोह हुआ था।
सुवाणा के राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक स्कूल में हुए समारोह में जिला प्रमुख पीरचंद सिंघवी, उप जिला प्रमुख रामचंद्र सेन, प्रधान सरोजदेवी गुर्जर एवं सत्यनारायण चेचाणी आदि अतिथि थे। शहर एवं ब्लॉक की 6 छात्राओं को पुरस्कार दिए गए। 12वीं की 2 छात्राओं को एक-एक लाख एवं 10वीं की 4 छात्राओं को 75-75 हजार रुपए दिए जाएंगे। यह राशि सीधे छात्राओं के खाते में जमा होगी। इसी तरह से 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाली ब्लॉक की 124 छात्राओं को बालिका प्रोत्साहन राशि के पांच-पांच हजार रुपए के चेक एवं सर्टिफिकेट वितरित किए गए। वहीं कक्षा 10वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाली ब्लॉक की 144 छात्राओं को गार्गी पुरस्कार की प्रथम किश्त के तीन-तीन हजार रुपए के चेक एवं सर्टिफिकेट वितरित किए गए। इसी तरह से 144 छात्राओं को गार्गी पुरस्कार की द्वितीय किश्त के चेक वितरित किए गए।
उप प्रधानाचार्य अमृता उपाध्याय ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह का संचालन प्राध्यापक मुकेश कुमार गुप्ता ने किया। समारोह में विभिन्न स्कूलों की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर भामाशाह सत्यनारायण चेचाणी का सम्मान भी किया गया।