झुंझुनूं. कस्बे के वार्ड 19 के रहने वाले युवक की मुंबई में अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। परिजनों को 11 सितंबर को इसकी सूचना मिली। वहीं पर उसका अंतिम संस्कार किया गया।
सूत्रों के अनुसार रमाकांत का पुत्र श्याम मिश्रा (35) रिलायंस कपड़ा फैक्ट्री में सुपरवाइजर था। फैक्ट्री में छंटनी होनी थी। प्रबंधन के निर्देश पर श्याम ने कुछ श्रमिकों को काम पर नहीं आने की कहते हुए उनकी छुट्टी कर दी थी। संदेह है कि कुछ कर्मचारियों ने 7-8 सितंबर को श्याम का अपहरण कर लिया। 11 सितंबर को मुंबई की उरण थाना पुलिस को उसका शव मिला। मुंबई पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार भी किया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
हत्यारों को कड़ी सजा की मांग
इधर, रविवार दोपहर बाद श्याम के घर शोक सभा हुई। इसमें हत्यारों को सजा की मांग करते हुए कस्बेवासी एसपी के मार्फत महाराष्ट्र के डीजीपी को ज्ञापन भेजेंगे। शोकसभा में पालिकाध्यक्ष सज्जनलाल मिश्रा, ओमप्रकाश शर्मा, नंदकिशोर दीनवा, सांवरमल शर्मा, रमेश लुमासिया, संजय रामगढिय़ा, विमल मिश्रा, कमलेश मिश्रा आदि मौजूद थे।