झुंझुनूं। कुमास गांव के शिक्षक आत्माराम जांगिड़ की बीमारी की जांच में लापरवाही का आरोप लगाते हुए बेटे ने गुरुवार को जांच की मांग की है। कुमास गांव में मनोज ने आरोप लगाया कि बीडीके अस्पताल में जांच में लापरवाही ही उसके पिता की मौत का कारण बन गई है। डॉक्टर जांच के प्रति गंभीर होते तो पिता बच सकते थे।
मनोज ने बताया कि तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर स्वाइन फ्लू की आंशका के चलते 2 फरवरी की सुबह पिता को लेकर बीडीके अस्पताल गए थे। वहां डाक्टर से स्वाइन फ्लू संबंधी जांच करने की कहा। इस पर पिता आत्माराम का ब्लड सैंपल ले लिया और उसी दिन दोपहर को बता भी दिया कि रिपोर्ट निगेटिव है।
जबकि स्वाइन फ्लू की जांच के लिए सैंपल जयपुर ही भेजे जाते हैं। सुबह सैंपल लेकर दोपहर को रिपोर्ट देने का मतलब है कि सैंपल जयपुर भेजा ही नहीं था। अगले दिन तीन फरवरी को सीकर में जांच कराई। वहां भी डॉक्टर ने निमोनिया मानकर दवा दे दी।
झुंझुनूं. स्वाइन फ्लू पीड़ित तीन नए रोगियों की पहचान हुई है। इन समेत अब तक पीड़ितों की संख्या तेरह हो चुकी है। कुल तीस सैंपल अब तक जांच के लिए जयपुर भेजे जा चुके हैं। जिले में इस बीमारी से दो महिलाओं दो पुरुषों की मौत हो चुकी है। नोडल अधिकारी डॉ. राजकुमार डांगी के अनुसार उदावास की रहने वाली महिला का सैंपल जयपुर भेजा था। उसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
नवलगढ़. क्षेत्र में स्वाइन फ्लू के दो रोगी मिले हैं। सरकारी अस्पताल के प्रभारी डॉ. नवल सैनी ने बताया कि एसडीएम की गाड़ी के ड्राइवर झाझड़ के रहने वाले एक व्यक्ति की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों का इलाज जयपुर में चल रहा है। ब्लॉक सीएमओ डॉ. रामचंद्र ने बताया कि रोगी के संपर्क में रहने वालों को टेमी फ्लू टेबलेट दी गई है।
यहां आत्माराम की स्वाइन फ्लू की जांच नहीं हुई। केवल प्राथमिक जांच हुई थी जो निगेटिव आई। उससे कहा भी था कि यदि आशंका है तो स्वाइन फ्लू की जांच करवा लें। उसकी मौत की खबर के बाद बुधवार को उसके परिवार के लोगों को ट्रेसकर जांच की बात कही लेकिन उन्होंने इसके लिए मना कर दिया। -डॉ. शीशराम गोठवाल, पीएमओ बीडीके अस्पताल झुंझुनूं
इलाज शुरू होने से पहले ही मौत : बकौल मनोज, हालत ज्यादा खराब होने पर पिता को 5 फरवरी को जयपुर के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां 7 फरवरी को सैंपल लिए। 9 फरवरी को रिपोर्ट मिली तब तक देर हो चुकी थी। जयपुर में उनकी 10 फरवरी की सुबह मौत हो गई।