- Hindi News
- पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते ग्रामसेवक गिरफ्तार
पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते ग्रामसेवक गिरफ्तार
भ्रष्टाचारनिरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार शाम कुहाडू के ग्रामसेवक को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। उसने सरपंच से निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत कुल राशि का दो फीसदी कमीशन मांगा था। एसीबी के सीआई रामनिवास बसेरा ने बताया कि कुहाडू की सरपंच शारदा के पति गणपतराम ने शनिवार को ब्यूरो में परिवाद दिया। इसमें ग्रामसेवक बृजलाल पर 48 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। परिवाद के अनुसार बृजलाल ने दो साल के दौरान गांव में कराए निर्माण कार्यों की कुल राशि 24 लाख रुपए का दो प्रतिशत बतौर रिश्वत की मांग की थी। गणपतराम ने बताया कि 30 हजार रुपए ग्रामसेवक को पहले ही दिए जा चुके थे। बाकी के 18 हजार कुछ दिन में देने की बात हुई थी। एसीबी टीम ने सत्यापन कराया जिसमें शिकायत सही निकली। इस पर रविवार को ट्रेप करने की योजना बनाई। ग्रामसेवक ने गणपतराम को पहले तो राशि लेकर मंडावा बुलाया। उनके असमर्थता जताने पर झुंझुनूं में राशि लेना तय हुआ। झुंझुनूं पहुंचकर ग्रामसेवक बृजलाल ने गणपतराम को पंचायत समिति के बाहर बुला लिया। इधर एसीबी ने गणपतराम को पांच हजार रुपयों के नोटों पर पाउडर लगाकर दे दिया। एसीबी टीम के हैड कांस्टेबल श्रवण सिंह, कांस्टेबल करतार सिंह, सुनील कुमार, करण सिंह, रामावतार चालक कानसिंह गणपतराम के साथ वहां पहुंचे। गणपतराम ने ग्रामसेवक को पांच हजार रुपए दे दिए। जैसे ही उसने रिश्वत की राशि शर्ट की जेब में रखी, टीम ने दबोच लिया।
पकड़ा गया ग्रामसेवक