हत्यारोपियों की तलाश में दी कई जगह दबिश
मनियां. पुलिसटीमों ने हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए उनके गांव सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि इस दौरान पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। थाना प्रभारी ताराचंद ने बताया कि हाईवे पर दिन दहाड़े गोली मारकर युवक की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पांच टीमें बनाई गई है। यह टीमें लगातार दबिश दे रही है।
आरोपियों के घर सहित उनके रिश्तेदारों के यहां भी पुलिस ने दबिश दी है। घटना के बाद आरोपी सैंया थाने के चौबनिया का नगला स्थित अपने घर में ताला लगा कर परिवार समेत फरार हो गए है। गौरतलब है कि शनिवार को सुबह करीब 8 बजे नेशनल हाईवे संख्या तीन पर सकतपुर मोड़ के पास सदर थाना क्षेत्र के गांव मुस्तफाबाद निवासी युवक की गोली मार कर हत्या कर दी थी। उसके बाद आरोपी आगरा की ओर बाइक से फरार हो गए थे। मृतक के पिता महाराज सिंह ने पुलिस में 5 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।