- Hindi News
- शराब की दुकान के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन
शराब की दुकान के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन
मनियां. ग्रामपंचायत दूबरा के गांव रामनगर में अवैध रूप से संचालित शराब की दुकान को बंद कराने के लिए गुरूवार को गांव की महिलाओं ने दुकान के सामने विरोध प्रदर्शन किया। सुबह करीब 9 बजे बड़ी संख्या में गांव की महिलाएं एकत्रित होकर हाईवे स्थित शराब की दुकान पर पहुंची और प्रशासन एवं आबकारी विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। साथ ही शराब के ठेकेदार को दुकान नहीं खोलने की चेतावनी दी।
प्रदर्शन कर रही महिला मुन्नी देवी, लोगो देवी, रामबेटी, शकुंतला, लक्ष्मी, राजनदेई, गुड्डी, माया आदि ने बताया कि गांव में संचालित शराब की दुकान से गांव का माहौल खराब हो रहा है। दुकान पर शराब पीकर आए दिन शराबी उत्पात मचाते रहते है। बुधवार की शाम को ही एक युवक ने शराब के नशे में बाइक से गाय को टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गई। वहीं आस पास गांव के बच्चे भी खेलते रहते है। ऐसे में कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीण रूपसिंह, मोहर सिंह, गंगाराम, राम वकील ने बताया कि गांव में संचालित शराब की दुकान ग्राम पंचायत ओदी के नाम से स्वीकृत है। जिसे आबकारी अधिकारियों की मिली भगत से ग्राम पंचायत दुबरा में संचालित किया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक दो दिन पूर्व ही ग्रामीणों ने इस संबंध में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर कुमार पाल गौतम को ज्ञापन दिया था। उनसे गांव में माहौल खराब होने का हवाला देते हुए गांव में संचालित शराब की दुकान को हटाने की मांग की थी।
इस पर कलेक्टर ने आश्वासन तो दिया था लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। इससे आक्रोशित ग्रामीण महिलाएं सड़क पर गई और दुकान के सामने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाओं ने दुकान को भी नहीं खोलने दिया। मौके पर पहुंचे शराब ठेकेदार ने महिलाओं को दुकान नहीं खोलने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही महिलाएं अपने घर के लिए रवाना हुई। इस दौरान प्रशासन एवं आबकारी विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। गौरतलब है कि पुलिस एवं आबकारी विभाग की अनदेखी के कारण क्षेत्र में स्वीकृत शराब की दुकानें सरकार द्वारा निर्धारित समय के बाद भी खुल रही है।
मनियां. शराब की दुकान के सामने प्रदर्शन करती महिलाएं।