- Hindi News
- कलक्टर ने रात्रि चौपाल में सुनी जन समस्याएं, दिए निर्देश
कलक्टर ने रात्रि चौपाल में सुनी जन समस्याएं, दिए निर्देश
मेड़ता पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत दत्ताणी एवं डाबरियाणी कलां में शुक्रवार देर शाम कलक्टर डॉ. वीणा प्रधान ने रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलक्टर डॉ. प्रधान ने शुक्रवार रात्रि को ग्राम दत्ताणी के राजीव गांधी आईटी केंद्र पर रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।
इस मौके पर दत्ताणी सरपंच चैनाराम मेघवाल ने कलक्टर को अवगत कराया कि ग्राम दत्ताणी में पिछले एक वर्ष से ग्राम के उप स्वास्थ्य केंद्र पर एएनएम नहीं होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी प्रकार ग्राम के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक नहीं होने, ग्राम में समय पर साफ-सफाई नहीं से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चौपाल में आई उक्त समस्याओं को लेकर कलक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि तीन दिवस में उक्त समस्याओं का समाधान करें। इसी प्रकार कलक्टर ने ग्राम डाबरियाणी कलां में भी रात्रि चौपाल में जन समस्याएं सुनी। इस मौके पर ग्रामीणों ने कलक्टर को अवगत कराया कि ग्राम में कुछ दिनों पूर्व ही ग्रेवल सड़क का निर्माण करवाया गया था, लेकिन उक्त सड़क बनाने के कुछ दिनों बाद ही टूटकर बिखर गई।
इस पर कलक्टर ने संबंधित ग्राम सेवक को फटकार लगाते हुए विकास अधिकारी ओमप्रकाश आढा को निर्देश दिए कि उक्त ग्रेवल सड़क की जांच करें। इसके अलावा भी उन्होंने ग्राम की अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिला कलक्टर मेड़ता नंदकिशोर राजौरा, विकास अधिकारी ओमप्रकाश आढा, सरपंच डाबरियाणी बाबूराम मेघवाल आदि उपस्थित थे।
भामाशाह नामांकन शिविर का निरीक्षण किया