शोमैन राजकपूर की जयंती मनाई
भास्करन्यूज| मेड़ता सिटी
श्रीचारभुजा धर्मशाला परिसर में रविवार को राज कपूर फैंस क्लब के तत्वावधान में मशहूर अभिनेता एवं फिल्मकार स्व.राज कपूर की जयंती रतनलाल थानवी की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ साहित्यकार मूलराज व्यास के मुख्य आतिथ्य में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ फैंस क्लब के सदस्यों ने स्व. कपूर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
इस मौके पर मशहूर कार्टूनिस्ट एवं लेखक चांद मोहम्मद घोसी ने ‘जीना यहां मरना यहां इसके सिवा जाना कहां’, ‘मेरा जूता है जापानी-फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ ‘सजन रे झूठ मत बोलो खुदा के पास जाना है’ आदि गीत पेश किए। श्यामलाल शर्मा ने ‘ऐ भाई जरा देख के चलो,’ ‘तेरे मन की गंगा और मेरे मन की जमना का’, राजस्थानी मंच अध्यक्ष कालू खां देशवाली ने ‘रमैया वस्ता वैया मैने दिल तुझको दिया’ वहीं सत्यनारायण दाधीच ने यह ‘मेरा प्रेम पत्र पढ़कर तुम नाराज ना होना’ सहित राज कपूर की फिल्मों के गीत पेश कर खूब दाद पाई।
राजस्थानी फिल्मों के अभिनेता बीके व्यास ने राज कपूर की फिल्मों के संवाद पेश किए और उनकी फिल्मों की जानकारी दी। अध्यक्षता करते हुए रतनलाल थानवी ने कहा कि राजकपूर की फिल्में हमेशा किसी ना किसी विषय को लेकर प्रेरणादायक रहीं।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार व्यास ने कहा कि हिंदी फिल्म जगत में राज कपूर के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
मेड़ता सिटी मशहूरअभिनेता राजकपूर की जयंती मनाते फैंस क्लब पदाधिकारी।