मेड़ता। एसडीएम सोहनलाल ने मंगलवार को विभिन्न जगहों पर स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पशु चिकित्सालय आदि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित रहने पर दो चिकित्सकों सहित पांच कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
एसडीएम कायल ने सुबह सवा 10 बजे उप स्वास्थ्य केंद्र कलरू का निरीक्षण किया। यहां केंद्र बंद मिला और एएनएम किरण अनुपस्थित थी। 10.30 बजे बाकलियावास में निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र भी बंद मिला और एएनएम पूनम अनुपस्थित मिली। कायल ने 11 बजे रोल चांदावतां के उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया तो यहां एमपीडब्ल्यू भैरूराम ग्वाला उपस्थित मिला।
उप स्वास्थ्य केंद्र के अंदर की तरफ झाड़ियां उगी होने पर सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। बाद में एसडीएम ने ग्राम रियांश्यामदास में उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। यहां एएनएम पूनम कुमारी अनुपस्थित मिली जबकि वार्ड बॉय ओमसिंह मौजूद मिला। वहीं एसडीएम ने उचित मूल्य की दुकान काे भी देखा तो राशन डीलर नहीं मिला। दुकान पर दूसरा व्यक्ति मिला और स्टॉक वितरण रजिस्टर भी नहीं था।
इसके लिए जिला रसद अधिकारी को कार्यवाही के लिए लिखा गया। कायल ने 11.15 बजे उप स्वास्थ्य केंद्र कूंपड़ास का निरीक्षण किया तो एएनएम डिंपल टाक मौजूद मिलीं। बाद में एसडीएम ने 11.30 बजे गागूड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया तो एएनएम राजकुमारी उपस्थित मिलीं। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चे नहीं मिले।
इस पर एसडीएम ने कार्यकर्त्ता को निर्देश दिए कि केंद्र पर बच्चे का ठहराव आवश्यक होना चाहिए। गागूडा में उचित मूल्य की दुकान बंद मिली। उप स्वास्थ्य केंद्र दधवाड़ा पर एएनएम आशा वर्मा उपस्थित मिलीं। आंगनबाड़ी केंद्र पर पांच-सात बच्चे पाए गए। इसी प्रकार करीब 12 बजे पशु चिकित्सालय हरसोलाव में ताले लगे मिले।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नोखा चांदावता पर प्रभारी डॉ. अमित कुमार नहीं मिले। इसी प्रकार एसडीएम को राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय बंद मिला। बाद में एसडीएम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरसोलाव एवं सीएचसी गोटन का भी निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान कर्मचारी उपस्थित मिले।
इनको दिए नोटिस
अनुपस्थितरहने पर एसडीएम ने कलरू एएनएम किरण, बाकलियावास एएनएम पूनम, रियां श्यामदास पूनम कुमारी, आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. कृष्णदत्त शर्मा, पीएचसी नोखा चांदावता प्रभारी डॉ. अरुण कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
मेड़ता सिटी. हरसोलाव में पीएचसी का निरीक्षण करते एसडीएम कायल।