- Hindi News
- चलती हुई ट्रेन में प्रेशर डाउन होने से थम गई जोधपुर जयपुर सुपरफास्ट
चलती हुई ट्रेन में प्रेशर डाउन होने से थम गई जोधपुर-जयपुर सुपरफास्ट
भास्कर न्यूज | नावां/मेड़ता रोड
जयपुर-जोधपुरसुपर फास्ट ट्रेन के वैक्यूम पाइपों में गड़बड़ी होने से गुरुवार को इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया। सुपर फास्ट ट्रेन सहित अन्य ट्रेनों को दो घंटे की देरी का सामना करना करना पड़ा। इससे यात्री परेशान हुए। शाम को वापसी में भी पौने तीन घंटे देरी से जोधपुर से रवाना किया गया। जयपुर से जोधपुर की ओर जाने वाली सुपर फास्ट ट्रेन संख्या 22478 गुरुवार को सुबह 6 बजे रवाना होकर मेड़ता रोड रही थी कि सांभर-गुढ़ा के बीच अचानक वैक्यूम पाइप लीकेज होने से प्रेशर डाउन हो गया। इस कारण करीब सवा घंटे तक ट्रेन मौके पर खड़ी रही। रेलों का संचालन बाधित हो गया। जैसे तैसे लोको पायलेट ने ट्रेन को नावां स्टेशन तक पहुंचाया। उसके बाद ट्रेन को धीमी गति से चलाते हुए डेगाना तक लाया गया। इधर मेड़ता रोड से बीकानेर-जयपुर इंटरसिटी में कैरेज स्टाफ को डेगाना तक भेजा गया। वहां पाइपों को दुरुस्त किया गया। ट्रेन सुबह 9 बजे के स्थान पर दोपहर सवा 11 बजे सकी। यहां कैरेज विभाग के कर्मचारियों द्वारा चैक करने के बाद जोधपुर की ओर रवाना किया गया। वापसी में भी जोधपुर से 6.05 के स्थान पर 2 घंटे 45 मिनट देरी से रात 8.45 बजे ट्रेन को रवाना किया गया। जयपुर से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को भी सांभर स्टेशन पर रोकना पड़ा। इस कारण यह ट्रेन सुबह 9.45 बजे के स्थान पर तीन घंटे देरी से दोपहर 12.45 बजे यहां पर पहुंच सकी। भगत की कोठी-लूनी के बीच दोहरीकरण कार्य के कारण ट्रेनें धीमी गति से चली और बांद्रा-बीकानेर डेढ़ घंटे, बाड़मेर-कालका ढाई घंटे, सिकंदराबाद-बीकानेर दो घंटे, जोधपुर-हिसार दो घंटे लेट आई। अन्य कारणों से सूरतगढ़-जयपुर तीन घंटे, जोधपुर-भटिंडा एक घंटे सहित अन्य ट्रेनें भी देरी से आने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मेड़ता रोड. जयपुर-जोधपुर ट्रेन में वैक्यूम पाइप सही करते रेल कर्मी।