दशरथ ने बंदूक से किया था फायर का प्रयास
भास्कर न्यूज | रियांबड़ी/मेड़ता सिटी/पादूकलांं
पादूकलाबस स्टैंड पर बंदूक से दहशत फैला फायर करने का प्रयास करने वाले मौलासर के खानड़ी गांव निवासी दशरथ सिंह पुत्र अमरसिंह राजपूत ने बस स्टैंड पर शराब के नशे में सिर्फ बंदूक ही नहीं तानी बल्कि फायर करने का प्रयास भी किया था। वह इससे पहले जिला पूल में शराब का बड़ा ठेकेदार रह चुका है। मौलासर थाने में उसके खिलाफ शराब तस्करी के छह मुकदमे दर्ज हैं। वह मौलासर थाने का हिस्ट्रीशीटर है लेकिन दो साल में उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। पादूकलां पुलिस ने बुधवार को मेड़ता न्यायालय में पेश कर पांच दिन का रिमांड मांगा। कोर्ट ने उसे तीन दिन के रिमांड पर सौंपा है। दशरथ कहां जा रहा था और उसका मकसद क्या था? बंदूक का लाइसेंस फर्जी तो नहीं है? 20 जिंदा कारतूस कहां से आए? आनंदपाल की गैग से उसके क्या संबंध हैं। इन सब तथ्यों पर पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ करेगी। थानाधिकारी रूपाराम चौधरी ने बताया कि पुलिस टीम दशरथ सिंह से बंदूक जब्त कर उसे पूछताछ के लिए उच्च अधिकारियों के समक्ष कुचामन लेकर गई। मंगलवार रात को ही पादूकलांं पुलिस दशरथ को कुचामन से पादूकलां लेकर पहुंची। मामला पादूकला थाने से जुड़ा होने के कारण दशरथ का मेडिकल मुआयना पादूकलां चिकित्सालय में ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी प्रभुसिंह राठौड़ एवं डॉ. रामेश्वर बेनीवाल से कराया।
िरयांबड़ी. मेड़तान्यायालय में कुख्यात आनंदपाल गैंग के दशरथ को पेश करती पादूकलां पुलिस।