- Hindi News
- आनंदपाल गैंग का दशरथ सिंह बंदूक दिखाते गिरफ्तार
आनंदपाल गैंग का दशरथ सिंह बंदूक दिखाते गिरफ्तार
भास्कर न्यूज | रियांबड़ी/नागौर
पादूकलांपुलिस ने मंगलवार दोपहर को बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कुख्यात सरगना आनंदपाल सिंह के मामा दशरथ सिंह को गिरफ्तार किया है। दशरथ सिंह गिरफ्तारी के वक्त नशे की हालत में था और अपनी कार को साइड नहीं देने पर उसने रोडवेज बस चालक पर बंदूक तानी थी। दशरथ सिंह के पास से पुलिस ने दुनाली बंदूक और कुछ कारतूस बरामद किए हैं।
पादूकलां थानाधिकारी रूपा राम चौधरी ने बताया कि सीकर जिले के वांटेड मौलासर थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर दशरथ सिंह मंगलवार दोपहर को स्विफ्ट कार से मेड़ता जा रहा था। पादूकलां बस स्टैंड के पास साइड को लेकर दशरथ सिंह की रोडवेज बस चालक से बहस हो गई। इस पर आरोपी दशरथ सिंह ने गाड़ी से उतर कर बस चालक पर बंदूक तान दी। बस स्टेंड पर बंदूक तानने से यहां के लोगों में अफरातफरी मच गई। गाड़ी वालों को अपशब्द के बाद स्विफ्ट से मेड़ता की तरफ रवाना हो गया।
पता नहीं था कि आनंदपाल गैंग का सदस्य है
जिससमय दशरथ सिंह ने रोडवेज बस चालक पर बंदूक तानी तब तक लोगों को यह पता नहीं था कि आरोपी आनंदपाल सिंह का मामा और उसकी गैंग का सदस्य है। आरोपी जैसे ही अपनी कार से मेड़ता की तरफ रवाना हुए तो गुस्साए लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पादूकलां एसएचओ रूपा राम चौधरी ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लाम्पोलाई के पास दशरथसिंह को दबोच लिया थाने ले आए। सूत्रों ने बताया कि नशे में दशरथसिंह ने पुलिस को भी गालियां दी। तलाशी में उसके पास से जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। दशरथ सिंह ने स्वयं को आनंदपालसिंह का मामा बताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक को मामले की जानकारी दी।
लेगए कुचामन, पूछताछ शुरू : एसपीएचजी राघवेंद्र सुहासा ने बताया कि यह पुष्टि हो चुकी है कि आरोपी दशरथ सिंह आनंदपाल गैंग का सदस्य है और उसके खिलाफ सीकर नागौर जिले में आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी को शाम को 4 बजे कुचामन थाने ले जाया गया है। आरोपी मौलासर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उससे पूछताछ की जा रही है।